मंडल रेल प्रबंधक ने प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
झांसी। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव पखवाड़ा के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक प्रकोष्ठ के निकट आयोजित विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन एवं अवलोकन मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित जनजातीय समुदाय की समृद्ध विरासत, संस्कृति और योगदान से जुड़े विभिन्न पहलुओं की सराहना की।
यह प्रदर्शनी जनजातीय जीवन, इतिहास, परंपराओं, शौर्य कथाओं तथा स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका को दर्शाती है, जिसने उपस्थित सभी दर्शकों विशेषकर स्कूली बच्चों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रदर्शनी का भ्रमण किया और जनजातीय समुदाय से संबंधित विभिन्न विषयों, चित्रों, मॉडल्स एवं जानकारीपूर्ण सामग्री को बड़ी रुचि से देखा। बच्चों ने जनजातीय परंपराओं, सामाजिक योगदान और इतिहास के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित यह प्रदर्शनी बच्चों को न केवल जानकारी देती है बल्कि समाज की विविधता और संस्कृति को समझने का अवसर भी प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन नंदीश शुक्ल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा समेत अधिकारीगण, स्कूल के अध्यापक और कर्मचारी मौजूद रहे।














