RPF की तत्परता से स्टेशन पर महिला का सुरक्षित प्रसव, पुत्र को दिया जन्म

0
6

जीआरपी व रेलवे चिकित्सा टीम के योगदान से हुआ सुरक्षित प्रसव 

झांसी। 9 नवंबर को रात्रि लगभग 20:46 बजे रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी को DSCR/JHS के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि रेलवे स्टेशन झाँसी के प्लेटफार्म संख्या 2/3 पर स्थित RPF/GRP ब्रिज के पास एक महिला यात्री को अचानक प्रसव पीड़ा हो रही है।

सूचना प्राप्त होते ही ASI मनोज एस. तोमर ने अपनी कर्तव्यनिष्ठा, तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला आरक्षक उमा सिकरवार के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुँचकर स्थिति को संभाला तथा महिला यात्री को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। मौके पर उपस्थित GRP स्टाफ के अखिलेश सचान ने भी सहयोग प्रदान किया।

RPF स्टाफ की त्वरित कार्यवाही एवं रेलवे चिकित्सक डॉ. शुभानी के चिकित्सकीय सहयोग से महिला यात्री ने स्टेशन परिसर में ही एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। इस दौरान ASI मनोज एस. तोमर एवं महिला आरक्षक उमा सिकरवार द्वारा महिला यात्री को हरसंभव सहायता प्रदान की गई तथा चिकित्सकीय टीम के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं।

घटना की सूचना पर लगभग 21:37 बजे डिप्टी एसएस एम.आर. राय एवं रेलवे चिकित्सक डॉ. शुभानी मय मेडिकल स्टाफ मौके पर पहुँचे। चिकित्सक द्वारा नवजात शिशु की नाल काटने एवं प्लेसेंटा (अपरा) निकालने की आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया संपन्न की गई।

महिला यात्री की पहचान निशा वंशकार पत्नी रवि वंशकार, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम सलैया, थाना अमोला, जिला शिवपुरी के रूप में हुई। प्रसव के उपरांत महिला यात्री एवं नवजात शिशु को एंबुलेंस के माध्यम से उनके पति रवि वंशकार एवं ननद रीना के साथ सकुशल मेडिकल कॉलेज, झाँसी भेजा गया।

इस सराहनीय कार्य में ASI मनोज एस. तोमर की त्वरित निर्णय क्षमता, संवेदनशीलता एवं कर्तव्य के प्रति समर्पण विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। महिला आरक्षक उमा सिकरवार की सक्रिय सहभागिता तथा रेलवे चिकित्सक डॉ. शुभानी एवं उनकी टीम के चिकित्सकीय सहयोग से समय रहते आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सकी।

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा संचालित ऑपरेशन मातृशक्ति का उद्देश्य महिला यात्रियों को संकट एवं आवश्यकता के समय त्वरित सहायता एवं सुरक्षा प्रदान करना है। उक्त घटना में RPF स्टाफ ने मानवीय संवेदनशीलता एवं कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए रेलवे सुरक्षा बल की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।

जच्चा एवं बच्चा दोनों को सकुशल अस्पताल पहुँचाया गया।