मामला रेल मंत्री तक पहुंचा, दोषी टीटीई को सस्पेंड कर जांच जारी
झांसी। दोष इतना ही था कि यात्री टिकट न दिखा पाया तो महिला टीटीई भड़क गई और उसने ऑफिस में ले जाकर जिस तरह से जलील किया उसने रेल प्रशासन की यात्रियों से सदव्यहार के बड़े बड़े दावों पर सवाल खड़े कर दिए। आफिस में महिला टीटीई ने डांटते हुए कहा – “तुम अंगूठाछाप हो, अभी तुरंत कमरे से बाहर निकल जाओ। तुम्हारी शक्ल से नफरत हो रही है। निकल यहां से बाहर। अभी हम बिजी न होते तो तुम्हें दिखा देते कि हम क्या चीज हैं।” अपमान के धोतक यह डायलॉग कोई सिरफिरा ही बोल सकता है क्योंकि यात्री की ग़लती इतनी गंभीर नहीं थी।
यात्री ने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया और 8 नवंबर को उसने X पर वीडियो पोस्ट कर रेल मंत्री और रेलवे अधिकारियों से शिकायत की। अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए TTE के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई कर जांच बैठा दी। इस घटनाक्रम से चैकिंग स्टाफ को सदव्यहार सिखाने की जरूरत महसूस की जाने लगी है।
दरअसल, लखीमपुर निवासी पीड़ित यात्री श्रवण कुमार (32) आंध्रा की एक मोटर कंपनी में काम करते हैं। 6 नवंबर को वह अपने दो साथियों के साथ आंध्र प्रदेश के पेनुकोंडा से कर्नाटक एक्सप्रेस (12627) के स्लीपर कोच में झांसी आ रहे थे। श्रवण को झांसी से लखनऊ जाना था। इसके लिए उन्होंने पेनुकोंडा से झांसी तक का काउंटर टिकट और झांसी से लखनऊ तक का ऑनलाइन टिकट लिया था। पेनुकोंडा से झांसी तक के टिकट पर तीनों की वेटिंग 2, 3 और 4 थी।
आरक्षण चार्ट बनने के बाद कोच नंबर S-2 में दो यात्रियों को सीट नंबर 39 पर RAC और तीसरे को सीट नंबर 47 पर RAC मिली थी। 8 नवंबर की सुबह करीब 3 बजे ट्रेन झांसी पहुंची। उस समय स्टेशन पर TTE अनीता वर्मा टिकट चेक कर रही थीं। उन्होंने तीनों यात्रियों को रोक कर पेनुकोंडा से झांसी तक का टिकट मांगा। श्रवण के मुताबिक, टिकट उनके बैग में कहीं गुम हो गया था। उन्होंने बताया कि वे आंध्र प्रदेश से कर्नाटक एक्सप्रेस में यात्रा करके आए हैं और उनके पास टिकट था, लेकिन वह बैग में नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा पीएनआर चैक कर लें, किंतु इसे अनसुना कर TTE तीनों को अपने ऑफिस ले गई।
आरोप है कि TTE ने उन्हें डांटते हुए तुरंत स्टेशन से बाहर जाने को कहा। श्रवण ने बताया कि उन्हें झांसी से लखनऊ जाना है और इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन टिकट बुक किया है। इस पर TTE ने कहा कि ऑनलाइन टिकट कन्फर्म नहीं हुआ तो उन्हें ट्रेन में बैठने नहीं दिया जाएगा। साथ ही उन्हें ‘अंगूठाछाप’ कहकर अपमानित किया। श्रवण का आरोप है कि TTE ने कहा- तुम्हारी शक्ल से नफरत हो रही है। हम बिजी न होते तो तुम्हें बताते कि हम क्या चीज हैं।
इसके बाद श्रवण ने दोबारा बैग तलाशा तो पेनुकोंडा से झांसी तक का काउंटर टिकट मिल गया। उन्होंने TTE को टिकट दिखाते हुए कहा कि टिकट बैग में ही था, लेकिन मिल नहीं रहा था। उन्होंने पहले भी यही बात बताई थी, फिर भी उन्हें बुरा-भला कहा गया। श्रवण के मुताबिक, TTE ने टिकट को मानने से इनकार कर दिया और कहा कि वह बाहर से किसी और का टिकट लेकर आए हैं। इस पर उन्होंने तीनों यात्रियों के आधार कार्ड लेकर जांच करने की बात कही, लेकिन TTE अपनी गलती मानने को तैयार नहीं हुईं।
श्रवण ने घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर 8 नवंबर को X पर पोस्ट किया। उसने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और झांसी रेल मंडल के अधिकारियों को टैग कर शिकायत की। मामले का संज्ञान लेते हुए रेलवे ने मंगलवार को आरोपी TTE अनीता वर्मा को सस्पेंड कर दिया। साथ ही उसके खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। अब सवाल यह उठता है कि रेल प्रशासन चैकिंग स्टाफ को सदव्यहार सिखाने का अभियान कबसे शुरू कर रहा है ताकि भविष्य में इस तरह के दुर्व्यवहार की पुनरावृत्ति न हो।
