झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मण्डल में 14 से 21 दिसम्बर के मध्य ऊर्जा संरक्षण सप्ताह मनाया गया। इसके अन्तर्गत वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजिनियर सामान्य भीम राज धन्ना एवं सहा.म.वि.इंजी सामान्य नील कमल श्रीवास्तव के निर्देशन में झाँसी मण्डल के बिभिन्न कार्यालयों व डिपो में आयोजित सेमिनारों में ऊर्जा संरक्षण के उपायों पर प्रकाश डाला गया। ऊर्जा संरक्षण करने वाले विद्युत उपकरणों को प्रदर्शित किया गया। कर्मचारियों के माध्यम से रेलवे कालोनी में ऊर्जा संरक्षण से सम्बन्धित पम्पलेट, पोस्टर को वितरित कर ऊर्जा संरक्षित करने हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान झाँसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सहित विभिन्न स्टेशनों जैसे ग्वालियर, बाँदा, उरई, ललितपुर, खजुराहो आदि स्टेशनों एवं रेलवे कॉलोनियों में रेल कर्मचारियों तथा यात्रियों, स्थानीय लोगों को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।