कोच में 3 लावारिस बैगों से 23,748 रुपये की अंग्रेजी शराब बरामद

0
16

सहरसा एक्सप्रेस में चेकिंग में आरपीएफ व आबकारी को मिलीं विभिन्न ब्रांड की 24 बोतलें

झांसी/बांदा। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा त्योहारों के दौरान रेल परिसरों एवं ट्रेनों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत 9 नवंबर को बाँदा रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 लावारिस पिठ्ठू बैगों से अंग्रेजी शराब की 24 बोतलें बरामद की गईं।

रेलवे सुरक्षा बल बाँदा के उप निरीक्षक विक्टर लाकड़ा एवं आरक्षक लाखन सिंह द्वारा आबकारी विभाग बाँदा के कर्मचारियों के साथ संयुक्त रूप से गाड़ी संख्या 19483 सहरसा एक्सप्रेस की जाँच की जा रही थी। इस दौरान ट्रेन के कोच संख्या B/05 की गैलरी में तीन काले रंग के पिठ्ठू बैग लावारिस अवस्था में मिले। यात्रियों से पूछताछ करने पर किसी ने भी इन बैगों पर अपना दावा नहीं किया। संदेह होने पर बैगों की जाँच की गई, जिसमें विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की सीलबंद बोतलें बरामद हुईं। बरामद 24 बोतलों में 18 लीटर अंग्रेजी शराब पाई गई, जिसका कुल बाजार मूल्य 23,748 रुपये आंका गया।

बरामद शराब को रेलवे सुरक्षा बल द्वारा जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु आबकारी विभाग बाँदा के प्रभारी निरीक्षक श्री पी. पिंगाक्ष त्रिपाठी को उनके स्टाफ की उपस्थिति में सुपुर्द कर दिया गया।