घनी आबादी में बेकरी और मकान से चोरों ने लाखों के जेवरात व नकदी पर किया हाथ साफ

0
20

झांसी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत घनी आबादी वाले छनियापुरा में बेकरी और उसके ऊपर बने मकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर बेकरी और मकान में रखी अलमारी का लॉक तोड़ कर उसके अंदर से लाखों की नकदी और सोने चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। पुलिस द्वारा आस पास लगे सीसी टीवी के फुटेज से चोरों की तलाश कर रही है।

इलाहाबाद के मीरा पुर व हाल निवासी शहर कोतवाली के छनियापुरा निवासी मोहम्मद राकिब ने बताया कि वह छनियापुरा में पूर्व पार्षद जाबिर के यहां किराए से मकान लेकर अपने परिवार के साथ रह रहा है। ऊपर वाले कमरे में वह अपने परिवार के साथ रहता है और निचले हिस्से में वह नेहा के नाम से बेकरी का संचालन करता है। मोहम्मद राकिब बताया कि दीपावली पर्व पर छुट्टी होने के चलते वह अपने परिवार के साथ इलाहाबाद गया था। यहां उसका भाई मोहम्मद शाकिब रह रहा था।

शाकिब गत दिवस अपनी बहन के घर अलीगोल खिड़की गया था, देर शाम जब घर लौट कर आया तो देखा बेकरी के अंदर रखी अलमारी का लॉकर और ऊपर बने कमरे की अलमारी का लॉकर टूटा पड़ा था। बेकरी में रखी अलमारी से करीब तीस से चालीस हजार की नकदी व ऊपर कमरे में रखी अलमारी से करीब तीन से पांच लाख कीमत के सोने चांदी के जेवरात और 18 लाख रुपए की नकदी गायब है।

घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल करते हुए पास में लगे सीसीटीवी कैमरा की डीवीआर कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि चोरी की वारदात किसने की है।