बहन की शादी के कार्ड बांटकर लौट रहे थे
झांसी। ललितपुर-रक्सा हाईवे पर किनारे खड़े ट्रक में तेज रफ्तार बाइक के घुसने से तीन दोस्तों की मौत हो गई। ये युवक बहन की शादी के निमंत्रण कार्ड बांटकर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसा से पीड़ित परिवारों में गहरा मातम पसरा हुआ है।
प्रेमनगर थाना क्षेत्र के पुलिया नंबर 9 कब्रिस्तान के पास निवासी राज सेंगर 25 नवंबर को होने वाली अपनी बहन काजल की शादी की तैयारियों में व्यस्त था। वह अपने दो दोस्तों आयुष व हर्ष के साथ रिश्तेदारों को निमंत्रण कार्ड देने बाइक से तालबेहट गया था। मंगलवार रात के समय जब तीनों वापस झांसी लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक बिजौली ओवरब्रिज के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी जान चली गई।
बहन की शादी के उपहार बाइक से निकला था कार्ड बांटने
राज ने अपनी बहन काजल की शादी में उपहार में देने के लिए एक नई बाइक खरीदी थी। इसी बाइक पर सवार होकर वह अपने दो दोस्तों के साथ कार्ड बांटने निकला था। इस सड़क हादसा ने एक साथ तीन घरों के चिराग बुझा दिए हैं, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। शादी की तैयारियों में जुटा पूरा परिवार अब गहरे सदमे में डूब गया है।
चार बहनों का इकलौता भाई था हर्ष
इस दुर्घटना ने हर्ष के परिवार को भी कभी नहीं भरने वाला गहरा जख्म दिया है। हर्ष चार बहनों का इकलौता भाई था, जिसकी अचानक मौत से बहनों के सिर से भाई का साया हमेशा के लिए उठ गया है। इसके अलावा, राज के परिवार की स्थिति भी बेहद हृदयविदारक है क्योंकि उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। राज घर परिवार की उम्मीदों का मुख्य सहारा था और बहन की शादी की सारी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी। इस सड़क हादसा के कारण पूरे परिवार की खुशियों पर ग्रहण लग गया है।
