दुस्साहस: न्यायालय परिसर के मुख्य द्वार पर एटीएम तोड़ कर चोरी का प्रयास

0
7

सीसीटीवी में संदिग्ध पकड़ा गया, पुलिस की टीमें तलाश में

झांसी। जिला सत्र न्यायालय परिसर के मुख्य प्रवेश द्वार के पास पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को तोड़ कर बदमाशों ने चोरी करने का प्रयास किया लेकिन असफलता हाथ लगी। पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए बदमाशों का सुराग लगाना शुरू कर दिया है।

नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत जिला सत्र न्यायालय परिसर के मुख्य द्वार के पास बने पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को 11/12 अक्टूबर की रात बदमाशों ने तोड़कर उसमें से नकदी चोरी करने का प्रयास किया लेकिन असफल रहे। इसकी जानकारी बुधवार की सुबह उस समय हुई जब लोग एटीएम पर पैसा निकालने पहुंचे तो देखा एटीएम मशीन का आधा हिस्सा टूटा पड़ा है।

इसकी सूचना मिलते ही नवाबाद थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच पड़ताल करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने एटीएम में लगे सीसी टीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर उसमें दिखाई दे रहे बदमाशों का सुराग लगाना शुरू कर दिया है।