झांसी। उमरे के झांसी मण्डल द्वारा कोरोना वायरस को लेकर अत्यधिक सतर्कता बरती जा रही है। बुधवार को इंजन पर डयूटी के दौरान महिला सहायक लोको पायलट (एएलपी) के कथित संदिग्ध रोगी की सूचना जैसे ही रेल प्रशासन तक पहुंची तुरंत ही उसे सागर (मध्य प्रदेश) के नजदीकी अस्पताल के डॉक्टरों की टीम द्वारा उसकी जांच की गई। जांच में कोरोना के कोई लक्षण ना पाए जाने पर डॉक्टरों द्वारा महिला एएलपी को क्लीन चिट दे दी गई है। एहतियात के तौर पर उसके साथ डयूटी पर रहे लोको पायलट की भी जांच कराई गई। महिला सहायक लोको पायलट झांसी वापस आ चुकी है एवं उसे घर पर ही आइसोलेशन में रखा गया है। अब कर्मचारी की जांच सिविल प्रशासन द्वारा गठित आरआरटी डॉक्टर्स की टीम द्वारा 20 मार्च को की जायेगी। जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही उक्त महिला कर्मचारी के ड्यूटी शुरू करने से सम्बंधित फैसला रेल प्रशासन द्वारा लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि उक्त महिला रेल कर्मी 5 मार्च 2020 को अपनी विदेश यात्रा से वापस झांसी आ चुकी थी। वापसी की तिथि के अनुसार महिला की कोरेंनटाइन अवधि भी लगभग पूर्ण हो चुकी है।