वर्ष 2020-21 में नगर पालिका परिषद/नगर पंचायतों में 1208.7 लाख से होंगे विकास कार्य, सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट व पेयजल पर होगा फोकस

अनुमोदित प्रस्तावों पर ही धनराशि व्यय की जाये, इतर व्यय पर होगी कार्यवाही

झांसी। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी आन्द्रा वामसी की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2020-21 में 15 वां वित्त आयोग की संस्तुतियों के अन्तर्गत आवंटित धनराशि के सापेक्ष व्यय हेतु निकायो से प्राप्त प्रस्तावों पर चर्चा करते हुये प्रस्तावों को अनुमोदित किया गया। जनपद की समस्त नगरपालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के प्रस्तावों की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुये निर्देश दिये कि अमुक धनराशि जो प्रस्ताव अनुमोदित है उन्ही पर व्यय की जाये। गड़बड़ी पाये जाने पर कार्यो की थर्ड पार्टी जांच करायी जायेगी।
जिलाधिकारी ने निकायो के अध्यक्षों व अधिशाषी अधिकारियों को सम्बोधित करते हुये कहा कि ठोस अपशिष्ठ प्रबन्धन (सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट) व पेयजल पर अधिक फोकस किया जाये। उन्होने कहा कि भूमि चिन्हाकंन कर लिया गया है, अतः कार्य भी तेजी से प्रारम्भ कराये। क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति के साथ ही जल निकासी के कार्यो को विशेष रुप से टेकअप किया जाये। उन्होने कहा कि निकायो में जो कार्यो के प्रस्ताव दिये है उन्ही पर उपलब्ध धनराशि व्यय की जाये।
वित्तीय वर्ष 2020-21 में 15 वां वित्त आयोग की संस्तुतियों के अन्तर्गत आवंटित धनराशि के सापेक्ष व्यय हेतु निकायो से प्राप्त अनुमोदन हेतु कार्ययोजना में आपरेशन कायाकल्प जिसमें प्राथमिक विद्यालयों में शौचालय/हैण्डवासयूनिट/रैलिंग व पेयजल के कार्य होने है। स्ट्रीट लाइट, सड़क/फुटपाथ पर भी धनराशि व्यय की जानी है। निकायो में रैनवाटर हार्वेस्टिंग के कार्य कराये जाने के साथ ही जलसंचय का भी प्रबन्धन किया जायेगा। इस मौके पर नगर आयुक्त/सीडीओ अवनीश कुमार राय, एडीएम राम अक्षयवर चैहान, डीएफओ वीके मिश्रा, ईओ चिरगांव कल्पना शर्मा, ईओ आशीष राय सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।