लैब इंचार्ज के कोरोना वायरस संक्रमित पाए जाने से दहशत

झांसी। उमरे के झांसी मंडल में कोरोना वायरस का प्रकोप अब डीजल लोको शेड में प्रवेश कर गया है। शेड में लैब इंचार्ज के कोरोना वायरस संक्रमित पाए जाने पर स्टाफ व अधिकारी दहशत में हैं। अब संक्रमित के सम्पर्क में आए स्टाफ व अधिकारियों की सूची तैयार की जा रही है। इनका नमूना संग्रह कर होम क्वारंटीन किया जा सकता है।

गौरतलब है कि कोरोना वायरस ने रेल प्रशासन के तमाम सुरक्षा उपायों को धत्ता बताते हुए पैर पसारना शुरू कर दिया है। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सीनियर डीईई आफिस, पर्सनल विभाग, पार्सल कार्यालय में कोरोना वायरस संक्रमित पाए जाने से कर्मचारियों में दहशत थी कि रविवार को जानकारी मिली कि डीजल लोको शेड में लैब इंचार्ज कोरोन पाज़िटिव पाए गए हैं। जब इनकी हिस्ट्री जांची गई तो पता चला कि 4 जुलाई को शेड में एएमसी के लिए दिल्ली से एक व्यक्ति शेड में आया था। इसके सीधे संपर्क में लैब इंचार्ज रहा था। वह व्यक्ति चार दिन शेड में रहा। इस दौरान लैब इंचार्ज शेड के विविध स्टाफ व अधिकारियों से काम के सिलसिले में मिलता जुलता रहा। पिछले दिनों लैब इंचार्ज की तबियत बिगड़ी तो वह उपचार के लिए गया। इस दौरान उसका कोविड 19 के परीक्षण के लिए नमूना भी लिया गया। रविवार को नमूने की जांच रिपोर्ट आ गई। इसमें उसे पॉजिटिव पाया गया। इस पर उसे भर्ती कर लिया गया है। इसकी जानकारी मिलते ही शेड में दहशत बढ़ गई और चर्चा का बाजार गर्म हो गया। इसके साथ ही लैब इंचार्ज के सम्पर्क में आए स्टाफ व अधिकारियों की सूची तैयार की जा रही है। इनकी जांच कर होम क्वारंटीन करने की व्यवस्था की जाएगी।