झांसी। विवाह पंचमी के उपलक्ष्य में शहर में धूमधाम से श्रीराम बरात निकाली गई, जिसका श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।

मेहंदी बाग स्थित राम जानकी मंदिर से बरात की शुरुआत हुई, जिसमें रथ पर भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघभन के स्वरूप विराजमान थे। जबकि, दूसरे रथ पर भगवान की प्रतिमाएं विराजमान थीं। बारात में बैंड धार्मिक धुनें बजाते चल रहे थे। इस्कॉन की मंडली कीर्तन करती हुई चल रही थी। नाचती हुई चल रही दुलदुल घोड़ी सभी का ध्यान अपनी ओर खींच रही थी। महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण किए हुए थीं। यहां से शुरू हुई बरात खंडेराव गेट, कोतवाली होते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरी। बाद में राम मंदिर पहुंचकर प्रतीकात्मक रूप से भगवान के विवाह की अन्य रस्में हुईं। राम बारात का मार्ग में जगह-जगह स्वागत हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान राम का तिलक किया और पुष्प वर्षा कर बरात की अगवानी की। श्री राम दरबार के साथ महंत राम प्रिय दास जी महाराज, युवराज महंत प्रेम नारायण दास जी रहे. पंडित पीयूष रावत ने व्यक्त किया। इस दौरान अंचल अड़जरिया, राजकुमार गोस्वामी, खिलान सिंह, हेतराम रामायणी, पुजारी राम धनेश्वर लाल, विजय वल्लभ दास, चंद्रकांत यादव, भूपेंद्र रायकवार, रवीश त्रिपाठी, अनिल दिक्षित आदि उपस्थित रहे।