Oplus_16908288

गाड़ी सहित 35.8 लाख की नकदी बरामद 

झांसी। जमीन को लेकर मारपीट, रंगदारी, लूट करने के मामले में आरोपी समाजवादी पार्टी के गरौठा विधानसभा से पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह यादव के करीबी अशोक गोस्वामी को आज पुलिस ने गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चार पहिया गाड़ी व 35.8 लाख की नकदी बरामद कर ली। बताया जा रहा है कि गोस्वामी से बरामद नकदी वह फरार चल रहे पूर्व विधायक को देने जा रहा था। पुलिस ने गोस्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ करते हुए पूर्व विधायक की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी। लेकिन पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग सका।

दरअसल, 20 नवंबर को प्रेम सिंह पालीवाल ने मोंठ थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि 12 नवंबर को वह अपने गांव बमरौली में था तभी सफेद रंग को फोर्चुनर गाड़ी सवार पूर्व विधायक दीप नारायण सिंह, और उनके साथियों ने स्कूल से सटी उसकी जमीन को नाम नहीं करने पर उसके साथ मारपीट की, 32 हजार रुपए छीन कर बीस लाख की रंगदारी मांगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी थी।

इधर पूर्व विधायक ओर उसके साथियों की तलाश में स्वाट, मोठ थाना पुलिस कई जगह दबिश दे रही थी। पुलिस टीम ने फरार पूर्व विधायक को उसकी मदद करने के आरोप में उसके करीबी अशोक गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चार पहिया गाड़ी व 35.8 लाख की नकदी बरामद की है।

फिलहाल पुलिस ने पूर्व विधायक की गिरफ्तारी के लिए सरगर्मी से तलाश शुरू करते हुए कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। हिरासत में लिए गए लोगों में एक अशोक गोस्वामी है, जो पूर्व विधायक दीपनारायण सिंह का सबसे खास माना जाता है।

अशोक गोस्वामी रकम को पूर्व विधायक को देने दिल्ली जा रहा था। इससे पहले कि अशोक गोस्वामी दिल्ली पहुंचता उससे पहले ही पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। इसके पहले पुलिस टीम ने दो दिन पूर्व मून सिटी में भी छापेमारी की थी।