झांसी। जनपद के थाना एरच क्षेत्र अंतर्गत बामौर चौकी के दीवान द्वारा नशे में गालीगलौज कर शिव मन्दिर में तोडफ़ ोड़ करने से सनसनी फैल गयी, किन्तु अधिकारियों व बुद्धिजीवियों के हस्तक्षेप से बड़ी घटना होते होते बच गयी। एसएसपी ने आरोपी दीवान को निलम्बित कर दिया है। बताया गया है कि थाना एरच अन्तर्गत बामौर चौकी के बाहर शिव मंदिर है। इस चौकी में पदस्थ हैड कान्सटेबिल सतपाल यादव ने आज प्रात: करीब सात बजे चौकी के बाहर बने शिव मन्दिर पर जाकर तोड़ फोड़ कर दी जिससे शिव भक्त इक_े हो गये और आरोपी का विरोध करने लगे। इस पर आरोपी द्वारा गालीगलौज करते हुए भगवान व मुख्यमंत्री के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करना शुरू कर दिया। इससे वहां धार्मिक उन्माद फैलने की स्थिति पैदा हो गयी तभी प्रदेश कार्यसमिति युवा मोर्चा उत्तर प्रदेश दीपक त्रिपाठी द्वारा घटना की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को देकर कार्यवाही की अपेक्षा की। इसे एसएसपी ने गम्भीरता से लेते हुए तत्काल थानाध्यक्ष एरच तथा थानाध्यक्ष गुरसराय को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। पुलिस टीम ने आरोपी दीवान सतपाल यादव को पकड़ लिया और मेडीकल जांच हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बामौर भेजा। मेडिक जांच में दीवान के नशे में होने की पुष्टि हो गयी। इसके बाद थानाध्यक्ष एरच सभाजीत मिश्रा, गुरसराय थानाध्यक्ष अबध नारायण पाण्डेय एवं चौकी प्रभारी त्रिभुवन सिंह ने सूझबूझ का परिचय देते हुए मामला शांत कराया। इसके बाद भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दीपक त्रिपाठी की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्यवाही का भरोसा दिया। नशेड़ी दीवान को तत्काल मौके से हिरासत में लेकर थाना एरच ले गये। इस प्रकरण में एसएसपी ने आरोपी दीवान को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया।