झांसी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सीएए, एनपीआर, एनआरसी पर विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह बिल मुस्लिम विरोधी नहीं, सम्मान देेने का है। नरेन्द्र मोदी सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास चाहते हैं जबकि सीएए, एनपीआर, एनआरसी पर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के पीछे कांग्रेस, सपा, बसपा आदि विपक्षी दलों की साजिश है। कांग्रेस झूठी नम्बर वन है और नकली गांधी बन कर कांग्रेसी झूठा प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फण्डिंग कर देश व प्रदेश में हिंसा फैलाने का काम किया जा रहा है। विपक्षी दल के नेताओं द्वारा भाजपा के राष्ट्रवाद पर सवाल उठा कर देश को गुमराह किया जा रहा है, वह मुस्लिमों का हित नहीं चाहते। उन्होंने बताया कि धर्म के आधार पर उत्पीडि़त पाकिस्तान, अफगानिस्तान, बंगलादेश छोड़ कर भारत देश आए अल्पसंख्यकों को यहां आशा, विश्वास, सुरक्षा का गरिमा पूर्ण जीवन जीने का अधिकार मिला है।
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अटल बिहारी बाजपेयी की सरकार के कार्यकाल को छोड़ कर कांगे्रेस ने सत्तर साल में देश को बर्बाद कर दिया, देश की जनता सब जानती है और आने वाले समय में विपक्ष को पाठ पढ़ाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी द्वारा सीएए, एनपीआर, एनआरसी पर जन जागरण हेतु क्षेत्रों में छह से पन्द्रह जनवरी तक जन जागरण रैलियां निकाली जाएंगीं, जिलों में यात्रा-सभाएं, नुक्कड़ सभाएं होंगीं। इनके माध्यम से सच का एहसास कराया जाएगा। इस अवसर पर सदर विधायक रवि शर्मा, गरौठा विधायक जवाहर सिंह राजपूत, मउरानीपुर विधायक बिहारी लाल आर्य, जिलाध्यक्ष जमुना कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या मेें पार्टी के पदाधिकारी आदि उपस्थित रहे।