झांसी। भले ही सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ थानों में फरियादियों विशेष रूप से महिलाओं व बुजुर्ग के साथ प्रेम से वर्ताव करने व उनकी सुनकर कार्रवाई के निर्देश देते रहें पर झांसी के शहर कोतवाली में इन आदेशों का कोई असर नहीं है। इसका उदाहरण कल रात कोतवाली में देखने को मिला। महिला पुलिस कर्मियों ने महिला फरियादी की जमकर पिटाई कर दी। बेवजह मारपीट का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हंगामा मच गया। अब पुलिस अफसरों को जबाव देते नहीं बन रहा है।

दरअसल, मंगलवार की रात गुसाईंपुरा मुहल्ले के लोगों को पकड़ कर थाना कोतवाली लाया गया था। पकड़े गए लोगों की जानकारी करने उनके परिवार की एक महिला थाने पहुंची। वहां उसने पूछताछ की तो सदा वर्दी में महिला आरक्षी व मुंशी से बहस हो गई। इस पर फरियाद लेकर पहुँची महिला से ऐसा बर्ताव किया गया कि उसे देखकर खुद विभाग के मुखिया भी शरमा गये। रात्रि में थाने में सिविल ड्रेस में मौजूद महिला आरक्षी सीमा व पुलिस वर्दी में महिला आरक्षी इन्द्रावती द्वारा फरियादी को थप्पड़ पर थप्पड़ मारे गए हैं। महिला का कुसूर सिर्फ इतना था कि उसने पुलिस से यह सवाल कर दिया कि उनके परिवार के युवक को किस जुर्म में थाने लाया गया है। पूरा मामला पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में आने पर आरक्षी सीमा को निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांंच की जा रही है।