– मुस्लिम से हिन्दू धर्म में वापसी, रुखसार बनी माया तो औरंगजेब बना विजय

झांसी। झांसी के गोविन्द चौराहा का जय सिंह 20 वर्ष पूर्व धर्म परिवर्तन कर जावेद बन गया था, किंतु शनिवार को सिद्धेश्वर मंदिर में उसने अपनी पत्नी व बच्चे के साथ हिंदू धर्म में वापसी कर ली है। उसने धर्म परिवर्तन के लिए प्रशासनिक औपचारिकता पूरी करने के बाद मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान कर हिंदू धर्म ग्रहण किया।

दरअसल, गोविंद चौराहा निवासी गोविन्द ठाकुर ने बताया कि मिशन कंपाउंड सीपरी बाजार निवासी एक मुस्लिम व्यक्ति के यहां वह घरेलू नौकर था। लगभग 20 वर्ष पहले उसके मालिक ने दबाव बनाकर हिन्दू धर्म परिवर्तन करा कर मुस्लमान बना दिया। इतना ही नहीं चार वर्ष पूर्व उसकी मुस्लिम समुदाय की महिला रुखसार से शादी भी करा दी। अब उनके एक तीन साल का बच्चा है। इसके बाद भी मालिक द्वारा उसका लगातार उत्पीड़न किया जाता रहा। इससे परेशान हो कर जावेद परिवार के साथ भोपाल चला गया, किंतु भोपाल में भी उसके मालिक ने पीछा नहीं छोड़ा और उसने भोपाल पहुंच कर उसके खिलाफ चोरी का भी मुकदमा दर्ज करा दिया। जावेद फिर अपनी पत्नी व बच्चे को लेकर झांसी लौट आया। शनिवार को उसने पत्नी और बेटे के साथ सिध्देश्वर मंदिर में हिंदू धर्म अपना लिया। इसके बाद उसने अपना नाम फिर से जय सिंह, पत्नी रुखसार ने भी हिन्दू धर्म ग्रहण कर अपना नाम माया और बेटे औरंगजेब का नाम परिवर्तित कर विजय रख दिया है।

जय सिंह ठाकुर ने बताया कि उसे जबरन हिन्दू से मुसलमान बनाया गया था। अब वह पत्नी व बच्चे सहित खुशी से हिन्दू धर्म में वापसी कर रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि वह जिनके पास रहता था, उसने मारपीट व धमकी देकर मुसलमान बनाया था। रुखसार ने बताया कि उसने हिन्दू धर्म अपना लिया है और अपना नाम माया रख लिया है। उसकी शादी चार साल पहले हुई थी। उसके पति का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया था। वह लोग हिन्दू धर्म में अपनी मर्जी से आये हैं।