– 75 मशालों के साथ भारत माता पूजन यात्रा का भव्य उद्घोष

झाँसी। महानगर आयोजन समिति के तत्वावधान में रविवार की शाम इलाइट चौराहे से महारानी लक्ष्मी बाई पार्क में स्थित महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा तक 75 मशालों के साथ विशाल यात्रा निकाली गई।

इस दौरान आयोजन समिति, सामाजिक संगठनों के लोगों व छात्राओं द्वारा इलाइट से लेकर रानी लक्ष्मी बाई पार्क तक शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा में बालिका विद्या मंदिर सदर बाजार की 51 बालिकाओं ने रानी लक्ष्मी बाई के विभिन्न स्वरूप में उनकी झांकी निकाली। साथ में एनसीसी के कैडेट्स भी शोभायात्रा में शामिल रहे। इस दौरान अग्रसेन इंटर कॉलेज,भानी देवी गोयल इण्टर कॉलेज व लक्ष्मी व्यायाम मंदिर इण्टर कॉलेज के छात्र छात्राओं द्वारा घोष का प्रदर्शन किया गया। वहीं पैरा मेडिकल कॉलेज की छात्राएं भी मशाल शोभा यात्रा में शामिल रही। शोभा यात्रा पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए महानगर के करीब 5000 लोगों ने अपने घरों की छतों से शोभा यात्रा के शुभारंभ पर स्काई लैंप छोड़े। स्काई लैंप आकाश में विभिन्न तारों के रूप में चमकते नजर आए। स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूर्ण होने पर महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा के सामने 75 दीप जलाकर दीपांजलि का आयोजन किया गया। इस दौरान तमाम सामाजिक संगठन और नगर के संभ्रांत लोग उपस्थित रहे।

सभी ने वंदे मातरम और भारत माता की जय घोष के साथ यात्रा का शुभारंभ किया। महारानी लक्ष्मीबाई के ऐतिहासिक दुर्ग पर पहुंच कर वन्दे मातरम गायन कर स्काई भी प्रज्वलित किए। गौरतलब है कि आज की शोभा यात्रा के भव्य शुभारंभ के बाद पूरे महानगर के 165 स्थानों पर भारत माता पूजन रथ यात्रा निकाली जाएगी। आयोजित होने वाले भारत माता पूजन यात्रा और वंदे मातरम गायन के कार्यक्रम के साथ साथ विभिन्न पार्कों व स्थलों पर दीपांजलि व बलिदानियों के स्मारकों पर भी पूजन किया जाएगा। हर गली महानगर के मोहल्ले मोहल्ले में भारत माता का पूजन कराते हुए वंदे मातरम गायन करवाया जाएगा। इसके लिए महानगर आयोजन समिति के साथ साथ हर मोहल्ले और बस्तियों में समितियों का गठन कर दिया गया है। भारत माता पूजन रथ यात्रा व वन्दे मातरम का आयोजन 19 नवम्बर से 16 दिसम्बर तक किया जा रहा है। 30 नवम्बर को लक्ष्मी व्यायाम मंदिर इंटर कॉलेज में वंदे मातरम का भव्य आयोजन किया जाना है जिसमें लगभग 51000 नागरिकों के सम्मिलित करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर महानगर आयोजन समिति अध्यक्ष डॉ. शरद द्विवेदी, संयोजक प्रवीण लखेरा, सह संयोजक एड. कुमार वैभव तिवारी, उपाध्यक्ष वैभव अग्रवाल, प्रवीण शर्मा, अकिंचन भार्गव, देवप्रिया उक्सा, रेखा राठौर, अंजना खंडेलवाल, अर्चना अवस्थी, मनीष तिवारी, महेश पटैरिया, किसान मोर्चा के राष्ट्रीय मंत्री रामनरेश तिवारी, पूर्व मंत्री रविंद्र शुक्ल, हिंदूवादी नेता अंचल अड़जरिया, समाजसेवी संदीप सरावगी आदि हजारों समाजसेवी व सभ्रांत नागरिकों ने सहभागिता की।