कर्ज से परेशान था किसान

झांसी। जिले के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पहलगुवां में कर्ज से परेशान किसान ने आत्महत्या कर ली। किसान का शव कुएं में लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरु कर दी है।

सीपरी बाजार थानान्तर्गत ग्राम पहलगुवां में रहने वाला लगभग 60 वर्षीय गुलाब अहिरवार खेती कर अपना और परिवार का भरण पोषण करता है। भतीजे रविन्द्र के मुताबिक गुलाब अपने खेत में धान की फसल बोए हुए था लेकिन बारिश न होने के कारण फसल खराब हो रही थी। यह देख वह काफी परेशान रहने लगा। इधर उसने अपनी बेटी की शादी में जो कर्ज लिया था उसे वह चुका नहीं पा रहा था। इन परिस्थितियों के चलते वह परेशान था।

मंगलवार को वह खेत पर गया था, लेकिन लौटकर घर वापस नहीं आए। जब खोजबीन की गई तो उसका शव कुंए में लटकता दिखाई दिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौकै पर पहुंची और घटना की जानकारी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस घटना को लेकर परिवार में कोहराम मचा हुआ है।