बिहार (बक्सर) संवाद सूत्र। बिहार के बक्सर से बड़ी खबर मिली है। दिल्ली से कामाख्या जा रही 12506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस बुधवार रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। जानकारी के अनुसार, ट्रेन के चार से पांच बोगी पलट गई हैं। घटना डीडीयू पटना रेलखंड के रघुनाथपुर स्टेशन की है। घटनास्थल की ओर रेलवे व जिला प्रशासन और पुलिस की टीम पहुंच गई है। इस घटनाक्रम में चार यात्रियों की मौत व दो सौ अधिक के घायल होने की सूचना है।

बताया जाता है कि दिल्ली से पटना की ओर जा रही यह ट्रेन बुधवार रात लगभग 11 बजे बक्सर जंक्शन से पटना के लिए रवाना हुई थी। तभी रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास यह ट्रेन पटरी से उतर गई। जिसके बाद अन्य ट्रेनों को रोका गया है। बताया जा रहा है कि ट्रेन बक्सर से आरा और उसके पटना रुकती है। रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन का स्टोपेज नहीं था। घटना के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। रेलवे के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
4 से 5 डिब्बे पटरी से उतरने के मामले में अब तक चार यात्रियों की मौत व दो सौ से अधिक के घायल होने की खबर निकल कर सामने आई है। अधिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।