Oplus_131072

दो सीने में घुसे, चेन बेल्ट का लॉक खुलने से नीचे गिरा

ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन की छत से अचानक गिरे एक मजदूर के पेट और सीने में तीन सरिए घुस गए। दो सरिए पेट और हाथ में घुसे, एक सरिया सीने से आर-पार हो गया। साथी मजदूर और ठेकेदार घायल मजदूर को जयारोग्य हॉस्पिटल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

दरअसल, इन दिनों रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है। मंगलवार को दोपहर प्लेटफार्म नंबर चार पर छत पर काम करने के लिए मजदूर छोटू जावट (30) निवासी शहर के उपनगर में घासमंडी एक चेन बेल्ट पर खड़ा था। यह ठीक से लॉक नहीं थी। अचानक चेन बेल्ट अनलॉक होते ही मजदूर नीचे गिर गया।

दरअसल यहां छत पर आधे में लटक कर काम करना होता है। एक चेन बेल्ट होती है। इस पर खड़े होकर मजदूर काम करते हैं। चेन बेल्ट जगह-जगह पर लॉक रहती है। जैसे ही छोटू ने पोल से छत की ओर काम शुरू किया, इतने में चेन बेल्ट अनलॉक हो गई और छोटू प्लेटफार्म नंबर चार पर नीचे जा गिरा। जिस जगह वह गिरा, वहां सरिया खुले पड़े थे। नीचे पड़ा एक सरिया सीने से पार हो गया और पेट और हाथ में सरिया घुस गया। फौरन ठेकेदार उसे अस्पताल लेकर गया। जब उसे हॉस्पिटल पहुंचाया गया तो सरिया शरीर के आर-पार ही था। डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन कर सरिया निकाल दिया है।

ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप
छोटू के परिजन ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण और ट्रेनिंग के ऊपर काम करने के लिए चढ़ा दिया। इसीलिए ये हादसा हुआ।