झांसी। जिले के थाना चिरगांव क्षेत्र के अंतर्गत पारीछा डैम पर शुक्रवार को दोस्तों के साथ पिकनिक पर गए एक किशोर का नदी में नहाते समय पैर फिसल गया और देखते ही देखते वह डैम में डूब गया। इस घटनाक्रम से पिकनिक की खुशियां पलभर में सन्नाटे में बदल गयी।

दरअसल, वर्षा के सुहाने मौसम पर चिरगांव के पारीछा डैम पर चार दोस्त दिव्यांश, भारत, चेतन और रिंकू जन्मदिन की पार्टी और मस्ती के इरादे से परीक्षा डैम पर पिकनिक मनाने गए थे। वहां सभी ने पार्टी के चलते नदी में नहाना शुरू कर दिया। इसी दौरान 15 वर्षीय रिंकू रायकवार पुत्र प्रदीप रायकवार निवासी पारीछा कॉलोनी का अचानक पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। तैरना न आने की वजह से वह कुछ ही क्षणों में डूब गया।

यह देख कर साथ गए दोस्तों ने शोर मचाया और आसपास के लोगों को बुलाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, किंतु तब तक वह डूब गया। सूचना मिलने पर चिरगांव थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक आनंद सिंह, हल्का प्रभारी मुनेंद्र मिश्रा, कांस्टेबल ओमवीर और कांस्टेबल ज्ञान सिंह मय पुलिस फोर्स के साथ शुक्रवार शाम घटनास्थल पर पहुंचे काफी खोजबीन के बाद किशोर का पता नहीं चला। रात अधिक हो जाने पर रेस्क्यू बंद करना पड़ा और शनिवार सुबह 5:00 बजे से गोताखोर की मदद से रेस्क्यू पुनः चालू कर दिया।

झांसी से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने भी काफी खोजबीन की परंतु खबर लिखे जाने तक किशोर का कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस की माने तो मौसम खराब होने से और बरसात होने के कारण किशोर को ढूंढने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, तलाश जारी रही।

शनिवार दोपहर राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम झांसी पहुंची और नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद देर शाम को रिंकू का शव डैम के दूसरे छोर से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।