हत्या में प्रयुक्त चाकू, पत्थर, खून लगे कपड़े बरामद 

झांसी। जिले के थाना बबीना पुलिस ने ग्राम सफा के जंगल में ओमप्रकाश की हत्या के संगीन प्रकरण में वांछित आरोपी अमर सिंह रायकवार निवासी ग्राम बघैरा थाना टहरौली जनपद झाँसी व जयकुवंर पत्नी स्व० ओमप्रकाश निवासी ग्राम मजरा बसंतपुरा थाना निवाडी जनपद टीकमगढ़ को खैलार नहर गोपालपुरा मोड पुलिया बी.एच.ई.एल. गेट साईड के पास से गिरफ्तार कर लिया।

अभियुक्त अमर सिंह की निशादेही पर हत्या में प्रयुक्त एक लोहे का चाकू, नुकीला पत्थर, खून लगे कपड़े – शर्ट, पैंट व एक जोड़ी जूता बरामद किये गये। गिरफ्तार अभियुक्तगण को न्यायालय जनपद झाँसी के समक्ष पेश कर विधिक कार्यवाही हेतु भेजा गया।

गौरतलब है कि 15 सितंबर को रामलाल रायकवार निवासी ग्राम वराठा थाना बडागांव जनपद झाँसी द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया था कि अभियुक्त अमर सिंह रायकवार, जयकुवंर व हरदेवी ने षडयंत्रपूर्वक वादी के पुत्र ओमप्रकाश को पत्थर से मुँह व सिर कुचलकर हत्या कर शव को झाड़ी में फेंक दिया। उक्त प्रकरण में धारा 103(1)/238/61(2) बी.एन.एस. पंजीकृत किया गया था।

प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पाण्डेय मय हमराही पुलिस कर्मियों के साथ चौकी बी.एच.ई.एल. क्षेत्र में खजराहा तिराह पर तैनात थे। मुखबिर द्वारा सूचित किया गया कि अमर सिंह व जयकुवंर अपने छोटे बच्चे के साथ पैदल गोपालपुरा की ओर खैलार नहर की पटरी पटरी आ रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल दविश दी। गोपालपुरा मोड के पास दोनों अभियुक्त को एक छोटे बच्चे के साथ पैदल आते हुए देखा और दबोच लिया।

अभियुक्त अमर सिंह रायकवार ने पूछताछ में बताया कि हरदेवी से प्रेम संबंध था। 13 सितंबर को हरदेवी उसके मुर्गी फार्म ग्राम सफा में रूकी थी। जयकुवंर ने हरदेवी से मिलकर साजिश रचते हुए अपने पति ओमप्रकाश की हत्या करवाने की योजना बनाई। जयकुवंर ने ओमप्रकाश को 500 रुपये देकर शराब खरीदने के लिए बल्लमपुर के ठेके पर भेजा। अमर सिंह व ओमप्रकाश ने शराब पी। नशे में अमर सिंह ने झाड़ी में पहले से छुपाया चाकू उठाकर ओमप्रकाश पर हमला किया। बचाव के प्रयास के दौरान अमर सिंह के अंगूठे पर कट लग गया। इसके बाद कई वार कर हत्या कर दी।

हरदेवी ने घटना के बाद गांव में सूचना दी, लेकिन ग्रामीणों ने गंभीरता नहीं दिखाई। हरदेवी वापस फार्म पर लौट आई। अमर सिंह ने शव को झाड़ी में छिपाकर खून लगे कपड़े व पत्थर फेंक दिए। अपने खून लगे कपड़े को पानी में धोकर छिपा दिया। हरदेवी को इस बात की पूरी जानकारी थी।

गिरफ्तारी में शामिल रही टीम निम्नलिखित थी –1. प्र0नि0 तुलसीराम पाण्डेय, थाना बबीना जनपद झाँसी, 2. उ0नि0 संजय सिंह पाल, थाना बबीना जनपद झाँसी, 3. म0उ0नि0 मनु चौधरी, थाना बबीना जनपद झाँसी, 4. हे0का0 324 बृजेश सिंह, थाना बबीना जनपद झाँसी, 5. हे0का0 546 शान मोहम्मद, थाना बबीना जनपद झाँसी, 6. हे0का0 545 रवि कुमार, थाना बबीना जनपद झाँसी, 7. म0का0 1784 अंजली, थाना बबीना जनपद झाँसी I