झांसी। पत्नी से क्लेश के चलते एक्सरे टेक्नीशियन के महिला सिपाही से प्रेम संबंध हो गये। दो वर्ष तक अफेयर के बाद भी प्रेमिका ने जब शादी से इंकार किया तो ब्वायफ्रेंड एक्सरे टेक्नीशियन का दिल टूट गया और उसने खुदकुशी कर ली। वह दो दिन पहले ही प्रेमिका से मिलने इटावा गया था।
दरअसल, मूल रूप से मोंठ के अखाड़ापुरा निवासी साहित्य खरे (25) पिछले 8 वर्ष से झांसी के कुरगुंआजी में परिवार के साथ रह रहा था। वह मेडिकल कॉलेज के अंदर मां भद्रकाली डायग्नोसिस में एक्सरे टेक्नीशियन था। उसकी शादी 2019 में नंदनी नामक महिला से हुई थी, किंतु दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। इस दौरान उसकी मित्रता बिजौली निवासी इटावा में तैनात एक महिला सिपाही से हो गई और दोस्ती प्यार में परिवर्तित हो गई। मृतक के पिता की मानें तो महिला सिपाही ने शादी का वादा किया। बेटा पत्नी से तलाक लेकर महिला सिपाही से शादी करना चाहता था। इसकी जानकारी परिजनों को भी थीं।
बताया गया कि महिला सिपाही दूसरे समाज की है। इसलिए उसके परिवार के लोग शादी के लिए राजी नहीं थे। इसको लेकर साहित्य दो माह से परेशान था क्योंकि पहले महिला सिपाही शादी के लिए तैयार थी, किंतु अब उसने भी शादी करने से मना कर दिया था। शादी को तैयार करने शुक्रवार को साहित्य महिला सिपाही से मिलने उसके पास इटावा गया था। वहां से घर लौटा और रविवार को वह प्रेमिका के पिता से मिलने बिजौली गया था।
पिता शादी को तैयार नहीं थे। इससे मानसिक तनाव में आकर साहित्य ने जहर खा लिया। घर आया तो उसकी तबीयत खराब देख कर परिजन तुरंत उसे ओरछा तिगैला के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। वहां पता चला कि साहित्य ने सल्फास की गोली खा ली है। इलाज के दौरान साहित्य ने दम तोड़ दिया तब परिजन शव लेकर झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। साहित्य खरे अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इकलौते बेटे की मौत के बाद मां समेत अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।













