झांसी। 8 सितंबर को थाना सीपरी बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े हुए अरविंद यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी रिंकू यादव ने पुलिस से आंख मिचौली खेलते-खेलते आज मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। अरविंद यादव हत्याकांड में पुलिस ने अब तक एक दर्जन से अधिक आरोपियों को जेल भेज दिया था किन्तु मुख्य आरोपी रिंकू यादव पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा था।
पुलिस की कई टीमें रिंकू यादव की धर पकड़ में लगी थी। घटना के एक माह बाद आज रिंकू यादव ने झांसी मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में सरेंडर कर दिया है। इसकी खबर लगते ही पुलिस का अमला न्यायालय की ओर दौड़ पड़ा। गौरतलब है कि आठ सितंबर को दिन दहाड़े थाना सीपरी बाजार के ग्राम भोजला में बाइक सवार अरविंद यादव की रिंकू यादव सहित उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते बंदूक की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। इस घटनाक्रम के बाद से रिंकू यादव फरार चल रहा था।