झांसी लोकसभा में सांसद विधायक खेल महोत्सव 2025 का शुभारंभ
झांसी। मंगलवार को लोकसभा क्षेत्र में जीआईसी ग्राउंड झांसी पर सांसद/ विधायक खेल महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पूरे संसदीय क्षेत्र से अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में लगभग 1,80,000 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जो इस आयोजन की लोकप्रियता और व्यापक जन सहभागिता को दर्शाता है। संसदीय क्षेत्र के खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करने की दिशा में यह आयोजन एक ऐतिहासिक कदम है। प्रत्येक वर्ष आयोजित होने वाली खेल स्पर्धा को इस बार सांसद / विधायक खेल महोत्सव के रूप में आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को निखारते हुए उन्हें राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य मार्च-पास्ट के साथ हुआ जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी अनुशासित और ऊर्जावान उपस्थिति दर्ज कराई। सांसद अनुराग शर्मा, कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, सदर विधायक रवि शर्मा, एम एल सी रामतीर्थ सिंघल, शिक्षक विधायक डॉ बाबूलाल तिवारी, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, विधायक मऊरानीपुर रश्मि आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, जिला अध्यक्ष हेमंत परिहार, ग्रामीण जिला अध्यक्ष प्रदीप पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रदीप सरावगी सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने गुब्बारे उड़ाकर खेल महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया।
इस दौरान विद्यालयों के घोष दलों एवं बैंड ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से समारोह को आकर्षक बना दिया। सांसद अनुराग शर्मा सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने मार्च-पास्ट करने वाले विद्यार्थियों को सलामी दी। इसके पश्चात सांसद अनुराग शर्मा ने एथलेटिक्स के अंतर्गत आयोजित दौड़ प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया।
सांसद अनुराग शर्मा ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन केवल एक खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ नहीं, बल्कि युवा शक्ति, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के उत्सव का दिन है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की यह भूमि सदैव वीरता, पराक्रम और प्रतिभा की प्रतीक रही है। यह वही धरती है, जहां रानी लक्ष्मीबाई जैसी वीरांगना ने भारत को यह सिखाया कि जब इरादे दृढ़ हों, तो सीमाएँ भी झुक जाती हैं। यही वह भूमि है जहां हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी ने जन्म लिया, जिन्होंने भारत को विश्व पटल पर गौरव दिलाया। उन्होंने कहा कि यही भावना आज हमारे युवाओं और खिलाड़ियों में झलक रही है – असंभव को संभव करने की।
सांसद ने कहा कि हमारे क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कभी कमी नहीं रही। हर गांव, हर स्कूल, हर गली में कोई न कोई बच्चा ऐसा है जो तेज धूप में, मिट्टी के मैदानों पर बिना किसी संसाधन के केवल अपने सपनों की ऊर्जा के साथ खेलता है। उसे न पदक की चिंता होती है, न नाम की — वह केवल अपने खेल और अपनी मेहनत पर भरोसा रखता है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि वे स्वयं और उनका परिवार वर्षों से खेल और खिलाड़ियों के उत्थान के लिए समर्पित रहे हैं। खेल केवल शरीर को नहीं, बल्कि चरित्र को भी गढ़ता है। इसी सोच के साथ सांसद खेल स्पर्धाओं की शुरुआत की गई थी, जिनमें सैकड़ों विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई और संसदीय क्षेत्र का नाम गौरव से ऊंचा किया।
उन्होंने कहा कि आज हमारे क्षेत्र के युवा खेल के क्षेत्र में देश और दुनिया के मंचों पर नया इतिहास लिख रहे हैं। उन्होंने गर्व पूर्वक उल्लेख किया कि बुंदेलखंड की बेटी शैली सिंह ने अंडर-20 वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। झांसी की बेटी और इंटरनेशनल जुडो प्लेयर लगन लक्ष्यकार ने ताइवान में आयोजित जूडो एशिया कप 2025 में ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया है। सीआईएसएफ में उप निरीक्षक पद पर कार्यरत झांसी की बेटी इमरोज़ खान ने अमेरिका के बर्मिंघम में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम्स 2025 में बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक जीतकर भारत और झांसी का गौरव बढ़ाया है। साउथ कोरिया में आयोजित इंटरनेशनल हाफ मैराथन में झांसी की वीरांगना शीलू यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में झांसी में उन्हें सम्मानित किया। झांसी की बेटी सोनिया कुशवाहा ने पर्वतारोहण में अद्भुत सफलता प्राप्त करते हुए नए आयाम स्थापित किए हैं। सांसद जी ने बताया कि इसी सांसद खेल स्पर्धा से निकले धावक अंशुल रजक आज राष्ट्रीय स्तर पर झांसी का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे अनगिनत खिलाड़ी हैं जिन्होंने इस मंच से आगे बढ़कर अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन किया है।
कार्यक्रम में विधायक रवि शर्मा ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘खेलो इंडिया’ अभियान की शुरुआत की थी, तब उन्होंने कहा था कि भारत के हर बच्चे में एक खिलाड़ी छिपा है, बस उसे एक अवसर चाहिए। आज यही विचार इस महोत्सव का आधार है। खेलो इंडिया केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि नए भारत की सोच है — एक ऐसा भारत जो फिट भी है और हिट भी है। प्रधानमंत्री जी के प्रयासों का ही परिणाम है कि आज भारत ओलंपिक, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में निरंतर नया इतिहास रच रहा है और झांसी संसदीय क्षेत्र भी इस खेल क्रांति का हिस्सा बन रहा है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि यह भूमि महारानी लक्ष्मीबाई और मेजर ध्यानचंद जैसे महापुरुषों की वीर भूमि है। एक ने स्वतंत्रता संग्राम में देश का नाम ऊंचा किया और दूसरे ने खेल जगत में भारत को पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि हमारे धार्मिक ग्रंथों और गाथाओं में भी खेल की प्रेरणा भरी पड़ी है। भगवान श्रीराम स्वयं श्रेष्ठ तीरंदाज थे, जिन्होंने अपनी साधना और परिश्रम से मां सीता का स्वयंवर जीता। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि आप सभी अपने परिश्रम और समर्पण से झांसी व बुंदेलखंड का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, खेल संगठनों के सदस्य, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं हजारों की संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। सांसद अनुराग शर्मा ने कार्यक्रम की सफलता में विशेष योगदान के लिए युवा कल्याण विभाग, आयोजक मंडल का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने देवेश तिवारी, संजीव सरावगी, राकेश भदौरिया, अनुराग बुधौलिया, प्रशांत सिंह, शिवराम तथा अन्य सभी सहयोगियों के समर्पण और परिश्रम की सराहना की। सांसद जी ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से झांसी लोकसभा क्षेत्र खेल प्रतिभाओं के लिए एक नई पहचान स्थापित करेगा और आने वाले समय में यहां से निकले खिलाड़ी भारत को विश्व पटल पर नई ऊँचाइयों तक पहुंचाएंगे।