महत्‍वपूर्ण सूचनाएं प्रदर्शित करने से पूर्व राजभाषा विभाग को दिखाने पर जोर

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे, झांसी रेल मंडल राजभाषा समिति के अध्यक्ष मंडल रेल प्रबंधक झांसी दीपक कुमार सिन्हा की अध्‍यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति की 178वीं बैठक का आयोजन मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस रुम में आयोजित किया गया। बैठक में राजभाषा के प्रचार प्रसार के लिए किया जा रहे कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।

मंडल रेल प्रबंधक ने राजभाषा संबंधी कार्य निष्पादन पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जनसामान्‍य से जुड़ी सूचनाओं को द्विभाषी रूप में जारी कर प्रदर्शित किया जाए। श्री सिन्हा द्वारा इस बात पर जोर दिया गया कि स्‍टेशन परिसर में लगाए जाने वाले विज्ञापन बोर्ड तथा अन्‍य बोर्ड या तो हिंदी में हों या फि‍र अंग्रेजी-हिंदी दोनों भाषाओं में हों। फ्रंट लाइन स्‍टाफ के बैज पर नाम, पदनाम भी अनिवार्यत: हिंदी-अंग्रेजी द्विभाषी होना चाहिए।

अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी/अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्‍फ्रा.) पी.पी.शर्मा ने कहा कि कार्यालय में प्रयोग किए जा रहे सभी कंप्‍यूटरों तथा लैपटाप पर हिंदी का प्रयोग अनिवार्यत: सुनिश्चित किया जाए। कंप्‍यूटर पर हिंदी पत्राचार के टेम्‍पलेट तैयार करें। यह कार्य को आसान बनाएगा। महत्‍वपूर्ण सूचनाएं प्रदर्शित करने से पहले एक बार उन्‍हें राजभाषा विभाग को अवश्य दिखाएं जिससे भाषा की शुद्धता बनी रहे।

बैठक में समिति द्वारा रिपोर्टों की समीक्षा तथा पिछले बैठक में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्रवाई पर चर्चा की गई। सदस्यों द्वारा राजभाषा के प्रचार प्रसार के लिए विभिन्न सुझाव दिए गए। इससे पूर्व अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा सदस्यों का स्वागत राजभाषा अधिकारी/ मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सचिव मनोज कुमार सिंह द्वारा किया गया। आभार वरिष्ठ अनुवादक श्रीकांत शर्मा द्वारा ज्ञापित किया गया। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नंदीश शुक्ल समेत सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।