शिकायत निवारण शिविरों का आयोजन 21 नवम्बर तक
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में झाँसी मंडल में कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु शिकायत निवारण शिविरों का आयोजन 17 से 21 नवम्बर 2025 तक किया जा रहा है। यह विशेष अभियान कार्मिक विभाग द्वारा विभिन्न इंजीनियरिंग डिपो एवं यार्ड में कार्यरत कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में 18.11.2025 को मंडल के एसएसई/पीवे कार्यालय मऊरानीपुर, एसएसई/पीवे/नॉर्थ कार्यालय ललितपुर एवं एसएसई/पीवे कार्यालय बांदा में शिकायत निवारण शिविरों का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। शिविरों में कर्मचारियों द्वारा दर्ज की गई शिकायतों का मौके पर ही समाधान करने पर विशेष जोर दिया गया।
शिविर के दौरान HRMS, UMID, E-Leave, E-Pass, RSP (रेलवे सैलरी पैकेज) एवं अन्य कार्मिक संबंधित विषयों पर कर्मचारियों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण किया गया। शिविरों में उपस्थित कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मैदान स्तरीय कर्मचारियों तक पहुँचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना मंडल प्रशासन की सकारात्मक और संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाता है।
मंडल रेल प्रबंधक ने निर्देशित किया है कि इस अवधि में प्रत्येक शिविर में अधिक से अधिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी शिकायत को लंबित न रहने दिया जाए। कार्मिक विभाग द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी इंजीनियरिंग डिपो/यार्ड में कर्मचारियों को सहज और त्वरित सेवा उपलब्ध हो।










