झांसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झांसी महानगर द्वारा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के गांधी सभागार में आत्मनिर्भर, उभरता भारत, स्वामी विवेकानंद की दृष्टि से (जी-20 के विशेष संदर्भ में) विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य वक्ता अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि भारतीय युवा की विश्व में एक अलग पहचान है। स्वामी विवेकानंद ने भारतीय युवा को परिभाषित करते हुए कहा है कि समस्या से उपजी संवेदना के समाधान के लिए प्रयासरत रहने वाला ही युवा है। उन्होंने कहा कि भारत से मतलब भारत सरकार से नहीं है बल्कि भारत में रहने वाले 140 करोड़ लोगों से हैं। अगर भारत को विकास के मार्ग पर अग्रसर रहते हुए वैश्विक स्तर पर श्रेष्ठता हासिल करनी है तो इसके लिए 140 करोड लोगों को अपने देश पर विश्वास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति से भारतीय युवा का सांस्कृतिक एवं सामाजिक पुनर्जागरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों का लक्ष्य, यश और सफलता प्राप्त करना नहीं बल्कि अपने जीवन को सार्थक बनाने में है।
इस दौरान राज्य मंत्री हरगोविंद कुशवाहा ने बुंदेलखंड परीक्षेत्र के युवाओं की वीरता से छात्रों को अवगत कराया। उन्होंने बुंदेली धरती के कई सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विषयों पर अपने विचार रखे। प्रांत अध्यक्ष डॉ यतींद्र सिंह ने कहा की नई शिक्षा नीति से हम भारत को बेहतर तरीके से पहचान सकेंगे। कौशल एवं क्षमता उन्नयन आधारित यह शिक्षा नीति ऐसे युवाओं को तैयार करेगी जो नए भारत की इबारत लिखने में मददगार होंगे। प्रांत मंत्री विक्रांत अग्निहोत्री ने कहा कि युवा अपने आसपास घट रही घटनाओं के प्रति तटस्थ नहीं रह सकता। उसे भी सामाजिक सांस्कृतिक एवं राष्ट्रीय उन्नयन में अपनी सार्थक भूमिका का निर्वहन करना होगा। प्रांत सह मंत्री शिवा राजा बुंदेला ने भी अपने विचार रखे।
कुलसचिव विनय कुमार सिंह ने स्वागत उद्बोधन एवं आभार कला संकाय अध्यक्ष मुन्ना तिवारी ने किया। इस अवसर पर मंच पर बुंदेलखंड विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष विशाल शर्मा एवं इकाई मंत्री सोनम सिंह चौहान उपस्थित रहीं। संचालन रितिक पटेल ने किया।
इसके पूर्व अभाविप राष्ट्रीय महामंत्री कि स्वागत यात्रा बुंदेलखंड महाविद्यालय से प्रारंभ होकर शहर के अनेक प्रमुख मार्गो से होते हुए बुंदेलखंड विश्वविद्यालय पहुंची। यात्रा में कार्यकर्ताओं द्वारा राष्ट्रीय महामंत्री का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर उत्तर पूर्वी क्षेत्रीय संगठन मंत्री घनश्याम शाही, प्रांत संगठन मंत्री अंशुल विद्यार्थी, विभाग संगठन मंत्री ज्ञानेंद्र सिंह राणा, जिला संगठन मंत्री प्रशांत दीक्षित, प्रांत उपाध्यक्ष बृजेश मिश्रा, अंजू गुप्ता, प्रांत एसएफडी प्रमुख डॉ श्री हरी त्रिपाठी प्रांत मीडिया प्रमुख डॉ कौशल त्रिपाठी प्रांत राष्ट्रीय कला मंच प्रमुख डॉक्टर बृजेश परिहार, स्वावलंबी अभियान के संयोजक आकाश कुशवाहा, प्रांत एसएफडी से संयोजक प्रतिमा परिहार उर्मिला पटेल सृष्टि तिवारी, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य रसकेंद्र गौतम राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनेंद्र गौर, प्रांत सह मंत्री निर्मल तिवारी, प्रांत से राज्य विश्वविद्यालय संयोजक प्रतीक द्विवेदी के साथ अनेक अभाविप कार्यकर्ता एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।