• ७८४.०५ लाख धनराशि स्वीकृत, ३.९२ करोड़ की प्रथम किस्त निर्गत
    झांसी। मऊरानीपुर विधायक बिहारी लाल आर्य ने बताया कि लगभग चार वर्ष पूर्व टूटे लुहरगांव घाट के रिपटे की जगह पुल निर्माण का कार्य वर्षा का समय समाप्त होते ही शुरू हो जायेगा। पुल के निर्माण से आवागमन की समस्या से हमेशा-हमेशा के लिए छुटकारा मिल जएगा। पुल के निर्माण के सम्बन्ध में शासनादेश जारी कर धनराशि स्वीकृत कर दी गयी है।
    दरअसल, ११ जुलाई १५ को नदी में आयी बाढ़ में लुहरगांव घाट का रिपटा टूट गया था। इसके कारण लुहरगांव-मऊरानीपुर सड़क पर आवागमन ठप हो गया था। इस रिपटा के निर्माण के लिए उस समय काफी प्रयास किये गए, किन्तु तत्कालीन जनप्रतिनिधियों को सफलता नहीं मिल सकी। सूबे की सत्ता बदली और विधायक बिहारीलाल आर्य ने वर्षों पुरानी इस समस्या के समाधान के लिये प्रयास शुरू कर दिए। आर्य की मेहनत रंग लायी। उप्र सरकार के उप मुख्यमंत्री केशवप्रसाद मौर्य ने इस सम्बन्ध में १२ सितम्बर को विधायक को स्वीकृत पत्र भेजा। जिसे विधायक बिहारीलाल आर्य ने मेला जलविहार महोत्सव में चल रही श्रीराम कथा के समापन अवसर पर हजारों की भीड़ एवं जिलाधिकारी शिवसहाय अवस्थी की मौजूदगी में पढ़कर सुनाया तो जनता में खुशी की लहर दौड़ गयी।
    विधायक आर्य ने बताया कि यह बहुत बड़ा कार्य था जो जनता के सहयोग से पूरा हुआ। रानीपुर से टूटा सम्पर्क पुन: जुड़ेेगा। लुहरगांव-मऊरानीपुर सड़क का आवागमन पुन: चालू होगा। उन्होंने बताया कि इस मद में सरकार ने जो धनराशि स्वीकृत की है उससे टूटे रिपटे के स्थापन पर बड़ा पुल बनेगा। उन्होंने बताया कि ७८४.०५ लाख धनराशि स्वीकृत, ३.९२ करोड़ की प्रथम किस्त निर्गत कर दी गयी है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।