झांसी। जिले के नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत करगुआं में एक पैथोलॉजी लैब संचालक ने प्रेमिका के चक्कर में कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। उसका एक नर्स से लगभग दो वर्ष से प्रेम संबंध था, किंतु प्रेमिका उससे शादी करना नहीं चाहती थी। इस पर उसका दूसरी जगह रिश्ता तय हो गया तो प्रेमिका भड़क उठी। इससे मझधार में फंसा पैथोलॉजी संचालक इतना परेशान हो गया कि उसने मंगलवार रात अपने कमरे में फांसी लगा ली।

दरअसल, जिले के गुरसराय निवासी युवराज पंचाल (25) झांसी में करगुवांजी में किराए के कमरे में रहता था और पार्टनरी में पैथोलॉजी चलाता था। करीब दो साल पहले अस्पताल में काम करने वाली एक नर्स से उसकी दोस्ती हो गई और देखते ही देखते दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गये। इसके बावजूद प्रेमिका शादी करने को राजी नहीं थी। उसके मना करने के बाद युवक का रिश्ता दूसरी जगह तय हो गया। दोनों की सगाई भी हो गई।

प्रेमी की सगाई की खबर नर्स को पता चली तो वह आक्रोश में आ गई और उसने सगाई तोड़कर उससे शादी करने का दबाव बनाने लगी। इससे युवराज परेशान हो गया। परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम करीब 7 बजे युवराज ने अपनी मां अर्चना से गांव में बन रहे घर के बारे में बात की थी। इसके बाद उसने यह कहते हुए फोन काट दिया कि थोड़ी देर में बात करेंगे। उसके बाद फोन स्विच ऑफ हो गया। सुबह भी फोन बंद था। संदेह होने पर जब परिजन कमरे में पहुंचे तब वह फंदे पर लटका हुआ था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को उतार लिया। पुलिस ने कमरे से सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमें लिखा है कि मैं मम्मी पापा के लिए कुछ नहीं कर पाया। बहुत कोशिश की, लेकिन हो नहीं पाया। इस सुसाइड नोट में मौत की वजह नहीं लिखी है। इस सुसाइट नोट पर मृतक के पिता द्वारिका ने कई सवाल खड़े करते हुए कहा कि उसके बेटे की मौत एक लड़की के कारण हुई है, उक्त सुसाइट नोट में जो लिखावट है उसके बेटे की नहीं है।

मृतक के पिता का कहना है कि कई साल पहले उसके बेटे की एक लड़की से दोस्ती हुई थी। यह दोस्ती काफी गहरी हो गई थी। जिसकी जानकारी होने पर जब उसने उस लड़की से शादी के बारे में बात की तो लड़की ने यह कहते हुए मना कर दिया कि वह केवल अच्छे दोस्त है। इस बार से वह बेफ्रिक हो गए और उन्होंने अपने बेटी की शादी दूसरी लड़की से तय कर दी। जिसकी सगाई की भी रस्म हो गई थी। नवम्बर या फिर दिसम्बर में उसकी शादी होनी। जिसको लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच उसके बेटे ने फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई।

उन्हें आशंका है कि उसके बेटे की मौत की जिम्मेदार वही लड़की है, क्योंकि उन्होंने झांसी में बेटे के कमरे के आस-पास रहने वाले लोगों से जानकारी तो उन्हें पता चला कि रात्रि में एक लड़की और दो लड़के आए थे। इसके बाद उनके बीच ऐसा क्या हुआ उन्हें इसके बारे में पता नहीं है। उसके बेटे ने आत्महत्या की या फिर उसकी हत्या हुई यह स्पष्ट नहीं हो सका। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।फिलहाल पुलिस ने छानबीन शुरु कर दी है।