झांसी। जिले के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में बकरियों को कुएं से पानी पिलाने की कीमत एक महिला को जान देकर चुकानी पड़ी। बकरियों को कुएं का पानी पिलाने पर कुआं मालिक ने आवेश में आकर महिला पर कुल्हाड़ी से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला की उपचार के दौरान मेडिकल कालेज में मौत हो गई। पुलिस ने हत्यारोपी को पकड़ लिया है।

मऊरानीपुर थानान्तर्गत ग्राम बसरिया निवासी लगभग 40 वर्षीय पुक्खन प्रजापति पत्नी बिहारी हमेशा की तरह विगत दिवस अपनी बकरियों को चराने खेत पर गई हुई थी। परिजनों के अनुसार दोपहर बकरियों को पानी पिलाने पुक्खन ने एक खेत पर स्थित एक कुएं से पानी पिला दिया। यह बात जब कुआं मालिक मानवेन्द्र को पता चली तो उसने पुक्खन को जमकर खरी खोटी सुनाई। इस दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मानवेन्द्र ने कुल्हाड़ी से पुक्खन पर हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर घायल हो गई। घायलावस्था में उसे नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां से हालत गम्भीर होने पर उसे झांसी मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।

मेडिकल कॉलेज में पुक्खन की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी मानवेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है।