झांसी। रक्सा थाना क्षेत्र के राजापुर खेत पर काम कर रहे दो भाई खेत के ऊपर से निकली हाईटेंशन लाइन से करंट लगने से गंभीर रूप से झुलस गए। चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग मौके पर दौड़े और दोनों भाइयों को उपचार के लिए अस्पताल ले गए जहां छोटे भाई की मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम फैल गया।
राजापुर गांव निवासी दीपक परिहार (26 वर्ष) पुत्र मुरारी अपने छोटे भाई आकाश परिहार (22 वर्ष) के साथ खेत पर गए थे। दोनों भाई खेत में तैयार खड़ी मूंगफली की फसल को उखाड़ने (सुविधा के लिए) विद्युत तार डाल रहे थे। इसी दौरान अचानक हाथ से छूटी डोरी ऊपर से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से टकरा गई। तार टकराते ही दोनों भाई करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन में दोनों को मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद बड़े भाई दीपक परिहार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, छोटे भाई आकाश की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।














