17 जोनों के 73 श्वानों ने दिखाए अद्भुत करतब

0
11

झांसी में 19वीं अभा आरपीएफ श्वान प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ

बम व नारकोटिक्स की पहचान सहित विभिन्न कौशलों का किया प्रदर्शन

झांसी। मंडल स्थित टीए कैम्पस में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल कार्यालय के मैदान में 19वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल श्वान प्रतियोगिता – 2026 का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने किया। प्रतियोगिता में देश के 17 जोनों से आए विस्फोटक पदार्थों, नारकोटिक्स की पहचान तथा ट्रैकिंग सहित विभिन्न कार्यों में प्रशिक्षित 73 श्वान प्रतिभाग कर विभिन्न कौशल का प्रदर्शन किया।

मुख्य अतिथि का स्वागत वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, झांसी श्री जितेन्द्र कुमार शर्मा ने किया।इस अवसर पर विभिन्न जोनों से आई रेलवे सुरक्षा बल की टुकड़ियों ने परेड में उत्साहपूर्वक भाग लिया और मुख्य अतिथि को सलामी दी। समारोह में प्रशिक्षित श्वानों ने अपनी अद्भुत दक्षता और अनुशासन से दर्शकों को प्रभावित किया। श्वान शैडो व ड्यूक ने गुब्बारे फोड़ने का प्रदर्शन किया, जबकि श्वान बोल्ट ने आग की लपटों के बीच बने अवरोध को छलांग लगाकर पार किया। श्वानों ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत भी किया। इसके अतिरिक्त फायर हर्डल, हर्डल, बम पहचान, नारकोटिक्स की पहचान और ट्रैकिंग जैसे विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन किया गया। इन रोमांचक प्रस्तुतियों ने श्वानों के कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और कार्यक्षमता को प्रदर्शित किया।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने रेलवे सुरक्षा बल की सुरक्षा व्यवस्था में प्रशिक्षित श्वानों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। उन्होंने ऐसी प्रतियोगिताओं को श्वानों के कौशल, दक्षता व कार्यक्षमता को परखने तथा उनमें और निखार लाने का महत्वपूर्ण मंच बताया। कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल व दूरसंचार इंजीनियर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर टीआरडी रूपेश बघेला, सहायक सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र, सूबेदारगंज विनय महराज, सहायक सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, झांसी कृष्णा नन्द तिवारी सहित रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here