झांसी। महा शिवरात्रि पर्व पर वीरांगना की नगरी शिव मय दिखाई देगी। ऐतिहासिक झांसी के किला में भगवान भोले नाथ के मन्दिर सहित नगर के सभी शिवालयों में महा शिवरात्रि की धूम रहेगी। ऐतिहासिक शिव बारात बड़ा बाजार से निकल कर मढिय़ा महादेव मन्दिर पहुंचेगी, जगह-जगह पर शिव बारात का स्वागत किया जाएगा। शिव बारात की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
सदर विधायक रवि शर्मा एवं अंचल अडज़रिया (शिव बारात के मुख्य संयोजक) ने बताया कि नगर में विगत अनेक वर्षों से महाशिव रात्रि पर शिव बारात निकाली जाती है। इसी क्रम में इस बार की शिव बारात के लिए झांसी महानगर को ११ उप नगरों में विभक्त किया गया है। प्रत्येक नगर से युवा राष्ट्र भक्त बजरंगियों व शिव भक्तों की टोलियां अपने-अपने उप नगर से बैण्ड बाजों व डीजे की धुन पर पूरे उत्साह के साथ थिरकते हुए शिव बारात उदगम स्थल बड़ाबाजार में मुरली मनोहर मन्दिर पर एकत्रित होंगे। उप नगरों की प्रत्येक टोली में १५० से २०० सदस्य सम्मिलित होंगे। उन्होंने बताया कि ऐतिहासिक शिव बारात में एक हजार से अधिक महिलाएं अपने सिर पर मंगल कलश लेकर बारात के साथ चलेंगीं। इसके अलावा बारात में विविध भगवान व महापुरुषों के स्वरूप आकर्षण के केन्द्र होंगे। ढोल, डीजे, बैण्ड बाजों की धुन के साथ शिव भक्तों की भव्य शिव बारात मुरली मनोहर मन्दिर से प्रात: १० बजे प्रारम्भ होकर मालिनों का तिराहा, रघुनाथ जी का मन्दिर, सिन्धी तिराहा, रानी महल, मिनर्वा चौराहा से सैंयरगेट होते हुए मढिय़ा महादेव मन्दिर पहुंचेगी। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, नन्द किशोर भिलवारे, दिलीप पाण्डेय, गोकुल दुबे, पार्षद राजू साहू, मुकेश सोनी बंटी, निर्दोष अग्रवाल, भरत सेन, संजय राजपूत, संतोष शाक्या, अनिल सोनी, पंकज गुप, संतोष खरेला, कमल सहगल, सचिव गुर्जर, पुरुकेश अमरया, छोटू कुशवाहा, राकेश शाक्या, मोनू, अनुज ठाकुर, शिवम शुक्ला, विकास कुशवाहा, शुभम रायकवार, गौरव आनन्द आदि उपस्थित रहे।