झांसी। पत्रकार समाज कल्याण समिति एवं मानवाधिकार संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आवास विकास परिषद कालोनी शिवाजी नगर में परीलोक पार्क में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में राष्ट्र पिता महात्मा गांधी व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए जहां समाज सेवियों व पत्रकारों से पीड़ित मानवता की सेवा करने का आह्वान किया गया वहीं वृक्षारोपण के महत्व को प्रतिपादित कर प्रर्यावरण प्रदूषण से मुक्ति के लिए प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि हरगोविंद कुशवाहा उपाध्यक्ष बौद्ध शोध संस्थान, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं राजा बुंदेला प्रख्यात फ़िल्म अभिनेता व उपाध्यक्ष बुन्देलखण्ड विकास बोर्ड ने प्रेरक सम्बोधन के माध्यम से पीड़ित मानवता की सेवा का पाठ पढ़ाया और पत्रकारों से कलम को रचनात्मकता के उद्देश्य से चलाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए राजा बुन्देला ने कहा कि बुंदेलखंड के संसाधनों पर बुंदेलखंड वासियों का पहला हक है मगर हमीं इनका उपभोग नहीं कर पा रहे हैं और जब तक बुंदेलखंड राज्य नही बन जाता हमको हमारा हक नहीं मिल सकता। बुंदेलखंड राज्य निर्माण के लिए सभी को बहुत लंबी लड़ाई लड़नी पड़ेगी। वह पिछले बीस वर्षों से इस लड़ाई को लड़ रहे है तथा आप सभी बुंदेलखंड वासियों के सहयोग से इसको अंजाम तक पहुंचाकर ही दम लेंगे। उन्होंने कार्यक्रम आयोजकों की वृक्षारोपण कार्यक्रम की सराहना की और स्वयं भी पौधारोपण किया। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि देश भले ही आज़ाद हो गया है मगर बुंदेलखंड को अभी सही मायनों में आज़ादी नहीं मिली है इसके लिए उन्होंने कहा कि संघर्ष करना होगा और सबको कंधे से कंधा मिलाकर लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने उपस्थित पत्रकारों का आवाहन करते हुए कहा कि कलम में बहुत बड़ी ताकत होती है आप भी इस आंदोलन में अपनी लेखनी के माध्यम से अपना योगदान दें। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए हरगोविंद कुशवाहा उपाध्यक्ष बौद्ध शोध संस्थान ने कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और वृक्षारोपण किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आज भारत की दो महान विभूतियों का जन्मदिन है और इस पावन पर्व पर वृक्षारोपण जैसा पुनीत कार्य बहुत ही सराहनीय है। कार्यक्रम के अतिथियों द्वारा पत्रकार समाज कल्याण समिति के पदाधिकारियों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। आमन्त्रित अतिथियों को कार्यक्रम आयोजकों द्वारा झाँसी की रानी के स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एम एल शर्मा, राष्ट्रीय अध्यक्ष मानवाधिकार संगठन ने की।  कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार जगदीश तिवारी, रामकुमार साहू, संतराम पेन्टर, जे के श्रीवास, जे के निर्मोही, नजमा आब्दी, के पी श्रीवास्तव, संजय वामी, अनूप साहू, आनंद साहू, अरविंद श्रीवास, बृजेन्द्र कुशवाहा, पंकज चौधरी, रानी शर्मा, मिथिलेश शर्मा,आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल महासचिव राजीव बिरथरे ने किया। अंत में मंडल अध्यक्ष अशोक शर्मा प्रिंस एडवोकेट ने आभार व्यक्त किया।