झांसी। मथुरा से अपहृत कर लाई जा रही एक किशोरी झांसी में उस समय सकुशल बरामद हो गई जब पुलिस को देखकर अपहरणकर्ता भाग निकले। पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी है। रक्सा पुलिस ने मथुरा पुलिस से संपर्क कर जानकारी जुटाई। सूचना पर मथुरा पुलिस व बालिका के परिजनों ने झांसी आ कर किशोरी को लेकर रवाना हो गये है।

दरअसल, तीन दिन पहले मथुरा के सदर बाजार थाना क्षेत्र से एक किशोरी अचानक लापता हो गई थी। पुलिस अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश में जुट गई थी, लेकिन पता नहीं चल सका था। सोमवार व मंगलवार की रात शिवपुरी हाईवे पर थाना रक्सा क्षेत्र में पीआरवी नंबर 0372 के सौरभ दुबे व वेदप्रकाश सिजवाहा तिराहा के पास ड्यूटी पर थे। इसी बीच एक आपे में सवार दो युवक एक किशोरी के साथ संदिग्ध अवस्था में नजर आए। शक होने पर पुलिस ने पीछा किया। पुलिस को देखकर आपे सवार दोनों युवक भाग निकले। पुलिस ने किशोरी से पूछताछ की तो उसने बताया कि दोनों युवक उसे मथुरा से लेकर झांसी आए। किशोरी को रक्सा थाने लाकर पूछताछ की गई। इसके बाद मथुरा पुलिस से जानकारी लेने पर पता चला है कि उक्त बालिका मथुरा से अपहरण कर लाई है। जानकारी होने पर मथुरा पुलिस व बालिका के परिजन उसे लेने के लिए झांसी पहुंच। पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी रही।