– पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित कई नेताओं को जबरन पकड़ ले गयी पुलिस

झांसी। बुंदेलखंड में झांसी जिले के नवाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत इलाइट चौराहे पर पंडित जवाहर लाल नेहरू की मूर्ति क्षतिग्रस्त करने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य समेत कांग्रेसियों ने जबरदस्त विरोध प्रदर्शन कर गिरफ्तारी दी। मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस प्रशासन ने छानबीन कर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि झांसी के प्रमुख इलाइट चौराहे पर पंडित जवाहर लाल नेहरु की मूर्ति लगी है। मंगलवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री समेत कांग्रेसी पंडित जवाहरलाल नेहरु की मूर्ति पर माल्यार्पण करने पहुंचे तभी उनकी नजर मूर्ति के चेहरे पर पड़ी। मूर्ति का चेहरा क्षतिग्रस्त होने पर कांग्रेसी आक्रोशित हो गए और उन्होंने प्रदर्शन करते हुए इसकी छानबीन कर कार्यवाही करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस ने धरना खत्म करने को कहा तो कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं माने। चौराहे पर जाम की स्थिति देखकर पुलिस ने प्रतिमा स्थल से जबरन पूूर्व मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, एनएसयूआई के राष्ट्रीय संयोजक अभिषेक प्रताप सहित कांग्रेस के कई नेताओं को उठाया और ले जाने लगी। इस पर पूर्व मंत्री सड़क पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें उठा कर गाड़ी में बैठा दिया। इस दौरान विवेक को भी पुलिस ने जबरन पकड़ कर बस में बिठाया। इसके बाद सभी को पुलिस लाइन लाया गया। पूर्व मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि पुलिस चाहे हमे डंडों से मारे या गोली से, हमे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमारे आंदोलन में कोई कमी नहीं आई है। हम चुनौती देते हैं कि यदि इन्होंने पंडित जवाहर लाल नेहरू की नई प्रतिमा नहीं लगवाई तो हम एक-एक रुपये जमा कर अष्टधातु की नई प्रतिमा लगवाएंगे। आज पुलिस जिस तरह हमे लेकर आई है, उसे हम योगी-मोदी सरकार का प्रसाद मानते हैं. उनका बस नहीं चला, वरना गोली मरवा देते। कुछ घंटे बाद पकड़े गए नेताओं को रिहा कर दिया गया।













