राहत : मंडली लैब में हुई जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं

झांसी। सावधान, जनपद में दबे पांव बर्ड फ्लू प्रवेश कर रहा है। इसके पीछे प्रेमनगर थाना क्षेत्र में स्थित सेंट जोन्स एकेडमी परिसर में गुरुवार को आठ कौओं की आकस्मिक मौत की खबर है। कौओं के मरने की सूचना पर हरकत में आए पशु चिकित्सा विभाग और नगर निगम ने बर्ड फ्लू की आशंकाओं के बीच इस बात की जांच पड़ताल की कि इन कौओं की मौत किस कारण हुई है। इधर, देर सायं इस मामले में राहत भरी खबर आई। मृत कौवों के ब्लड सेम्पल की मंडलीय लैब में हुई जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। मामला जो भी हो, किंतु शहर में बर्ड फ्लू की चर्चा के बीच मुर्गों की बिक्री में गिरावट शुरू हो गई है।

प्रेमनगर थाना क्षेत्र में स्थित सेंट जोन्स चर्च के पादरी फादर सदानन्द के अनुसार विद्यालय परिसर में हर रोज एक-दो कौओं की मौत हो रही है। गुरुवार को एक साथ आठ से अधिक कौओं की मौत ने दहशत फैला दी है। बर्ड फ्लू के खतरे को देखते हुए इस बात की आशंका है कि इनकी मौत भी बर्ड फ्लू कारण हुई है। कौओं की मौत की जांच शुरू कर दी गई है। नगर निगम व पशु चिकित्सा विभाग जांच पड़ताल कर रहा है। हालांकि   नगर निगम के पशु चिकित्सा और कल्याण अधिकारी डॉ. राम किशोर निरंजन ने कौओं के मरने के पीछे सम्भावना व्यक्त की है कि सर्दी या अन्य कारणों से कौओं की मौत हो सकती है। जांच के बाद ही इस बात का पता चलेगा। इधर, देर सायं इस मामले में राहत भरी खबर आई। मृत कौवों के ब्लड सेम्पल की मंडलीय लैब में हुई जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है। जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने भी इसकी पुष्टि कर दी है।