झांसी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक माह पहले हुई आजाद सिंह की हत्या में फरार एक आरोपी को झांसी की प्रेमनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर उसके पास से एक तमंचा और बाइक व नकदी बरामद कर ली। इससे पहले एक हत्यारोपी कांग्रेसी नेता को पकड़ कर जेल भेजा जा चुका है।

झांसी एसएसपी दिनेश कुमार पी के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक नगर विवेक त्रिपाठी व क्षेत्राधिकारी सदर हिमांशु गौरव के नेतृत्व में प्रेमनगर थाना प्रभारी रणविजय सिंह अपनी टीम के साथ एक माह पहले हुई आजाद की हत्या के फरार आरोपियों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान टीम ने एक सूचना थाना क्षेत्र में स्थिति एक विवाह घर के पास से एक हत्यारोपी को पकड़ लिया। पकड़े गये हत्यारोपी ने अपना नाम पिंटू परिहार निवासी राजीव नगर थाना प्रेमनगर बताया। पुलिस अधीक्षक नगर ने बताया कि 19 दिसम्बर 2020 को आजाद सिंह यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप राजेन्द्र सिंह यादव, योगेन्द्र सिंह यादव, पिंटू अहिरवार और एक अज्ञात व्यक्ति पर लगाया गया था। इसमें राजेन्द्र सिंह यादव उर्फ राजू जहरीला को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया था। वहीं अन्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे थे। पुलिस ने फरार आरोपी पिंटू अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया है। जिसके पास से 4000 रुपए, हत्या में प्रयुक्त बाइक (यूपी 93 एएच 7615) और 315 बोर का तमंचा व खोखा कारतूस बरामद कर लिया है। फरार चल रहे दो आरोपियों की पुलिस अभी तलाश करने में लगी हुई है। शीघ्र ही वह भी आरोपी गिरफ्तार हो जायेंगे।