– जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे थे दोनों
झांसी। जनपद के थाना टोड़ीफतेहपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह कार असंतुलित होकर सीधे नदी में गिर गई। मौके पर ही साले और बहनोई की मौत हो गई। ग्रामीणों से सूचना पाकर पुलिस ने कार से दोनों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया है कि थाना मऊरानीपुर के गांव धकनवारा निवासी मुदित तिवारी कार से बृहस्पतिवार को अपने बहनोई बल्लन के साथ टोड़ीफतेहपुर निवासी अपने मित्र के यहां जन्मदिन पार्टी में गए थे। दूसरे दिन शुक्रवार की सुबह मुदित व बल्लन कार में सवार होकर जब गुरसराय की ओर लौट रहे थे तभी टोड़ीफतेहपुर के पास राजापुर मोड़ पर अचानक कार असंतुलित होकर सीधे पथराई नदी में जा गिरी।
कार गिरने की आवाज सुनकर ग्रामीण नदी की तरफ भागे। ग्रामीणों से सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद नदी में गिरी कार से दोनों को बाहर निकालकर निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, किंतु चिकित्सक ने उपचार से पहले ही दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को पानी से बाहर निकाला।