– जिलाधिकारी व चिकित्सकों का होगा सम्मान, 11जोडे परिणय बंधन में बंधेंगे
-राष्ट्रकवि मैथिली शरण गुप्त एवं कीर्तिशेष सीताराम गुप्ता की प्रतिमायें लगवायेगा गहोई समाज : प्रकाश गुप्ता
- झांसी। प्रातः स्मरणीय महारानी लक्ष्मीबाई की कर्मभूमि एवं राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त की जन्मभूमि झांसी में गहोई वैश्य समाज के लोगों को फिजूलखर्ची एवं आडम्बरों को दूर करने के प्रयास के क्रम में शुरू किये गये सामूहिक विवाह महायज्ञ का आयोजन 16 फरवरी को बसंत पंचमी के पर्व पर किया जा रहा है। गहोई वैश्य पंचायत द्वारा 24 वें सामूहिक विवाह महायज्ञ का आयोजन उन्नाव बालाजी रोड स्थित भानीदेवी गोयल इंटर कालेज में होगा जिसमें 11जोडे परिणय बंधन में बंधेंगे।
- पंचायत अध्यक्ष प्रकाश गुप्ता नौगरया ने पत्रकारों को बताया कि सामूहिक विवाह के साथ साथ स्वजातीय बंधुओं को विवाह योग्य अपने लडके लडकियों के संबंध में वार्ता हेतु विशेष परिचय वार्ता कक्ष भी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि वर वधु पक्ष को भोजन, आवास, मंडप एवं विवाह से संबंधित सभी सामग्री निशुल्क प्रदान की जायेगी। स्थानीय समाज के बंधुओं एवं विभिन्न संस्थाओं द्वारा आशीर्वाद के रूप में अलमारी, फ्रिज, सोफा, सिलाई मशीन, मिक्सी, कूलर, प्रेस, पंखा, टीवी, टंकी सहित अन्य उपहार भेंट किये जायेंगे। कार्यक्रम का उद्घाटन दोपहर 12 बजे सादगी के साथ होगा। सायंकाल 6 बजे तक सभी कार्यक्रम सम्पन्न करा दिये जायेंगे जिससे विभिन्न जिलों से आये हुए लोग समय से घर पहुंच सकें।
 उन्होंने बताया कि कोरोना काल के समय लाँकडाउन में समाज द्वारा काफी संख्या में जरूरतमंदों को खाद्यान्न वितरण किया गया,राष्ट्रीय स्तर पर लगभग 600 महिलाओं को आर्थिक सहायता दी गई। झांसी से कोरोना की जंग में अभूतपूर्व कुशल प्रशासन हेतु जिलाधिकारी आंद्रा वामसी एवं चिकित्सकों को सम्मानित किया जायेगा। पंचायत अध्यक्ष श्री गुप्ता ने यह भी बताया कि किला रोड पर पार्क में राष्ट्रकवि दद्दा मैथिली शरण गुप्त एवं बडागांव गेट बाहर स्थित मुक्तिधाम पर सीताराम गुप्त की प्रतिमायें समाज द्वारा स्थापित कराई जायेंगी।
 इस दोरान डा.सीताराम बरसैंया, राधेश्याम नीखरा, आनंद सेठ,नरेश गुप्ता राजू रक्सा, किशोरी शरण सरावगी, संजीव सरावगी, संजीव सेठ, नितिन सरावगी, राजेन्द्र नगरिया, राजेन्द्र पटवारी राजू, भरत सेठ, राजेन्द्र कुमार पटवारी पप्पू, कुंजविहारी सांवला, राजेन्द्र गुप्ता, अनिल कुमार वरौनिया मौजूद रहे।
 
		













