झांसी। जनपद की साइबर पुलिस ने ऐसे दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है जो स्वयं को पत्रकार बता कर पहले शिकार को विश्वास में लेकर उनके पहचान पत्रों का उपयोग कर अपना मोबाइल नम्बर उनके नाम पर पोर्ट करा लेते थे। इसके बाद उनके बैंक अकाउंट से रुपये उड़ा देते थे।

साइबर सेल ने 3,28,000 रुपये की अनोखी ठगी में शामिल चिरगांव निवासी राम मिलन यादव और शाहरुख को गिरफ्तार कर उनके पास से 5 मोबाइल, प्लेयिंग कार्ड डिवाइस, सात हजार रुपये, कार और कई तरह के आई कार्ड व प्रमाण पत्र बरामद कर लिए। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कई थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। एसपी सिटी डॉ. विवेक त्रिपाठी ने मीडिया को बताया कि जालसाज राम मिलन यादव ने अपने एक साथी से मिल कर अपने एक परिचित के अकाउंट से धोखाधड़ी कर 3,28,000 रुपया ट्रांसफर करा लिया। इसके लिए उसने अपना सिम शिकार के नाम से पोर्ट करा लिया गया था और धोखाधड़ी कर रुपए निकाल लिए थे।