झांसी। भाजपा कार्यालय पर उस समय नेता बगलें झांकते नजर आए जब पंचायत चुनाव के टिकट बेचे जाने के आरोप लगाते हुए जम कर हंगामा किया। नाराज भाजपाईयों ने पार्टी के कतिपय पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों पर रुपये लेकर अपने चहेतों को टिकट दिलाने और निष्ठावान  कार्यकर्ताओं की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए मुर्दाबाद के नारे लगाए।

भाजपा कार्यालय पर जिस तरह आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने खुलेआम आरोप लगाए उससे पार्टी नेताओं की कथनी और करनी की पोल खुल गई। गौरतलब है कि जिला पंचायत सदस्य पद पर भाजपा अपने चुनाव चिन्ह से प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया है। पार्टी के सत्ता में होने व सिम्बल पर चुनाव से टिकट के लिए लंबी कतार लगी है। आज लगभग दो दर्जन कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुँचे और आरोप लगाया कि समर्पित कार्यकर्ताओं के बजाय धन लेकर दूसरों को टिकट बेचे जा रहे हैं। जबकि वह लोग पार्टी नेतृत्व के आदेश पर हर कार्यक्रम में जुटे रहते हैं। हर चुनाव में वह लोग सक्रिय भूमिका निभाकर पार्टी को वोट दिलाते हैं। लेकिन पार्टी के कुछ पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपेक्षा कर रहे हैं। इस दौरान बरल से पार्टी कार्यालय पहुँची महिला कार्यकर्ताओं ने भी खुलकर टिकट बेचने का आरोप लगाया। उन्होंने हाई कमान से इसमें हस्तक्षेप करने की अपेक्षा की है। हालांकि टिकट बेचने के आरोप लगाए जाना नेताओं की छवि पर धक्का लगना माना जा रहा है।