झांसी। जिलाधिकारी झांसी आंद्रा वामसी के निर्देश पर पुलिस ने डुगडुगी पीट कर शुक्रवार को कोतवाली थाना क्षेत्र में नई बस्ती निवासी गैंगस्टर वीरू कुशवाहा की संपत्ति कुर्क की गई। वीरू पर दर्जन भर से ज्यादा संगीन मामले दर्ज हैं। कुछ माह पहले पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। गिरोहबंद समाजविरोधी क्रियाकलाप ( निवारण) अधिनियम 1986 व धारा 14(1) के तहत जिला मजिस्ट्रेट द्वारा वीरू कुशवाहा की संपत्ति राज्य सरकार के पक्ष में कुर्क करने के आदेश दिए गए थे। इसके अनुपालन में वीरू कुशवाहा के पठौरिया स्थित रेस्टोरेंट और उसके आवास पर सीओ सिटी राजेश कुमार, अपर नगर मजिस्ट्रेट शशि भूषण की देखरेख में कोतवाली निरीक्षक देवेश शुक्ला द्वारा कुर्क की कार्यवाही की गई।
इसके अलावा उक्त अमले द्वारा मुकरयाना निवासी शंभू पहलवान के लड़के कामरान के खिलाफ भी कुर्क की कार्रवाई अमल में लाई गई। कामरान के खिलाफ 17 मुकदमे दर्ज हैं, जिसमें 307, 3/ 25 यूपी गुंडा एक्ट जैसे बड़े मामले शामिल हैं। टीम ने कामरान का बाड़ा कुर्क कर लिया गया। इस तरह एक दिन में डेढ़ करोड़ से ज्यादा की संपत्ति कोतवाली पुलिस ने कुर्क की है। वीरू कुशवाहा और कामरान के खिलाफ कार्रवाई डुगडुगी पीट कर की गई। कार्रवाई देखने को तमाशबीनों की भीड़ लगी रही।













