– भाजपा को मुक्ताकाशी मंच शुभ बता मौर्य ने फूंका चुनावी बिगुल

झांसी। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की नगरी में ऐतिहासिक  किले के पार्श्व में मुक्ताकाशी मंच को भाजपा के लिए शुभ बता कर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी मण्डल को 933 करोड़ की सौगातों के साथ चुनावी बिगुल फूँकते हुए विपक्षियों पर तीखे तीर चलाए और दावा किया की 2022 में 2017 को दोहराएंगे और 300 से ज्यादा सीटें जीतकर फिर सूबे में सरकार बनाएंगे।

मुक्ताकाशी मंच से सिद्ध पीतांबरा पीठ व रामराजा सरकार के साथ वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई का स्मरण करते हुए डिप्टी सीएम ने पंचायत चुनाव में भाजपा के पिछड़ने की अफवाह फैलाकर जनता को भ्रमित करने वालों को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत के चुनाव परिणाम से पता चल जाएगा कि अखिलेश कितने पानी में हैं। उन्होंने कहा कि जनता उन्हें नकार चुकी है। प्रदेश की जनता ने 2014 से 2019 तक हुए लोकसभा व विधानसभा चुनावों में गठबन्धन बनाए विपक्षी दलों का सूपड़ा साफ किया और अब 17 को 22 में दोहराया जाएगा। भाजपा भी जनता के विश्वास को टूटने नहीं देगी। उन्होंने रामजन्म भूमि जमीन खरीद में लग रहे घोटालों के आरोपों पर कहा कि रामद्रोही दुष्प्रचार कर रहे हैं, हमें उनके प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है, जनता को सब पता है। उन्होंने कहा कि बुन्देलखण्ड में पानी की समस्या का समाधान हुआ है, अपराधी दुम दबाकर गायब हैं, गुण्डागर्दी पर लगाम लगी है, भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है, जनसहयोग से सूबे में कोरोना को हराने में सफलता मिली है। उन्होंने एक बार फिर से विपक्ष पर तीर चलाते हुए कहा कि उन्हें लूटने को नहीं मिल रहा इसलिए मोदी से नाराज़ हैं और अफवाह फैला रहे हैं। इन्हें दुष्प्रचार करने से राजनैतिक रास्ता नहीं मिलेगा। कांग्रेस को जनता सत्ता में नहीं लौटने देगी तो धारा 370 खत्म नहीं होगी। उन्होंने कहा कि लूटो, खाओ करने वाले भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाने का काम जनता करे रही है। उन्होंने दावा किया कि 2022 में सूबे तो भाजपा की सरकार बनेगी ही 2024 में केन्द्र भी फिर परचम लहरायेगा।