झांसी। समाजवादी चिंतक स्वर्गीय जनेश्वर मिश्रा के जन्मदिन के अवसर पर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को साइकिल यात्रा निकालकर जहां विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया वहीं प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन। इलाइट चौराहे से इस साइकिल यात्रा की शुरुआत पूर्व राज्यसभा सांसद डॉक्टर चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में की गई।
महानगर अध्यक्ष तनवीर आलम, निवर्तमान जिलाध्यक्ष महेश कश्यप, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राकेश पाल, विधान परिषद सदस्य रमा-आरपी निरंजन, चंदू मिश्रा, प्रदीप कुशवाहा, रोहित पारीछा, दीपाली रायकवार, कैलाश यादव, खुर्शीद, सभासद अमित कुशवाहा सहित दर्जनों सपा पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में निकाली गई इस साइकिल यात्रा में सपाइयों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साइकिल रैली में साइकिलों पर सपा सरकार की उपलब्धियों तथा वर्तमान ज्वलंत मुद्दों के स्लोगनों को भी प्रदर्शित किया गया था।
इलाइट चौराहे से शुरू हुई यह साइकिल यात्रा शहर के विभिन्न मार्गो का भ्रमण करते हुए वापस चौराहे पर समाप्त हुई। इस दौरान सपा नेताओं ने केंद्र तथा प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर हिटलरशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए आम जनता को उत्पीड़न से बचाने के लिए संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया।