– कोषाध्यक्ष पद पर विनोद यादव निर्विरोध

झांसी। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के चुनाव में अध्यक्ष पद पर मोहम्मद परवेज व महामंत्री पद पर गोपाल कृष्ण दुबे निर्वाचित घोषित किए गए जबकि कोषाध्यक्ष पद पर विनोद यादव निर्विरोध निर्वाचित हुये।

गौरतलब है कि चुनाव में अध्यक्ष व महामंत्री पद पर दो-दो उम्मीदवार एवं कोषाध्यक्ष पद पर महज एक ही उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल किया। मंगलवार को दोपहर मतगणना के बाद चुनाव अधिकारी ने अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मोहम्मद परवेज को 13 एवं महामंत्री पद पर गोपाल कृष्ण दुबे को 18 वोट से विजयी घोषित कर दिया वहीं कोषाध्यक्ष पद पर विनोद यादव निर्विरोध निर्वाचित हुये। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अफसरों,  कर्मचारियों व समर्थकों ने फूल मालाओं व मिठाईयां बांटकर बधाई दी।

दरअसल, नगर निगम में स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ को लेकर मंगलवार को सुबह 9 बजे नामांकन शुरू हुआ। अध्यक्ष पद के लिये मोहम्मद परवेज एवं डॉ जहीर अब्बासी ने एवं महामंत्री पद के लिये गोपाल कृष्ण दुबे व संजय कुशवाहा एवं कोषाध्यक्ष पद पर अकेले विनोद यादव ने पर्चा दाखिल किया। 12 बजे हुये मतदान में 61 मतदाताओं में महज 56 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के बाद घोषित हुये चुनाव परिणाम में अध्यक्ष पद पर मोहम्मद परवेज को 32 वोट मिले, वहीं डॉ जहीर अब्बासी को 19 वोट मिले। महामंत्री पद पर कृष्ण गोपाल दुबे को 35 एवं निकटतम प्रतिद्वंदी संजय कुशवाहा को 17 वोट मिले। जबकि कोषाध्यक्ष पद पर एक उम्मीदवार खड़ा होने पर निर्वाचन अधिकारी ने विनोद यादव को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। इस मौके पर प्रमेंन्द्र गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष जितेन्द्र भाटिया, मण्डल अध्यक्ष रवि व्यास, वीरेन्द्र पांचाल, अशोक बाल्मीकि सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।