– यूपी को सही रास्ते पर लाने को कांग्रेस संघर्षरत
झांसी। भले ही कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अब तक के सबसे बुरे दौर से गुजर रही है, किंतु उसके नेता अभी भी पार्टी को सबसे ताकतवर साबित करने में जुटे हुए हैं। झांसी आए पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की बातों से तो कम से कम यही साबित होता है। उन्होंने सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर पूछे सवाल पर बिना लाग-लपेट के कहा कि कोई हमारे दरवाजे पर आएगा तो दरवाजा खोलेंगे, दरवाजा खोल कर नहीं बैठे रहेंगे। फिलहाल कांग्रेसी नेता चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं और कोई आता है तो देखेंगे। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी ने 2024 के संदर्भ में सभी पार्टियों को न्योता दिया था। अब पार्टियों के लोग आये और मिलकर बात हुई. सबने कहा कि 2024 का चुनाव मिलकर लड़ना चाहिए।
वार्ता के दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने भाजपा का नाम लिए बिना कहा कि भगवान राम को अपने सामने खड़ा करके उनके नाम पर वोट मांगना भगवान राम के साथ अन्याय करना है। उन्होंने कहा कि भगवान कब तक यह बात बर्दाश्त करेंगे या नहीं करेंगे, यह बात तो समय बताएगा, लेकिन इस विषय को लेकर हमारे मन में किसी तरह का कोई विवाद नहीं है। हम सभी की आस्था का सम्मान करते हैं।
किसानों से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि किसानों का अस्तित्व खत्म किया जा रहा है। किसानों के साथ अन्याय किसी भी कीमत पर नहीं होना चाहिए। उप्र में कांग्रेस का सीएम चेहरा कौन होगा के सवाल पर कहा कि पार्टी के पास चेहरों की कमी नहीं है। उप्र में प्रियंका गांधी को मुख्यमंत्री के रूप में प्रपोज करने के सवाल को टालते हुए उन्होंने बताया कि वह चाहते हैं कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बाड्रा कांग्रेस का चेहरा हों। हम उनके नेतृत्व में यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने दावा किया कि उप्र में ओवैशी की पार्टी के आने से कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने बताया कि यूपी को सही रास्ते पर लाने के लिए कांग्रेस संघर्ष कर रही है। पार्टी का प्रयास है कि घोषणापत्र वास्तविक हो और जनता को महसूस हो कि उनकी समस्याओं को कांग्रेस ने उठाया है, इसी को लेकर हम दौरे कर जनता से संवाद कर रहे हैं। तालिबान के हालातों पर कहा कि अफगानिस्तान में भारतीय दूतावास को बंद किये जाने का सरकार का निर्णय ठीक नहीं है। इससे वहां फंसे भारतीयों को स्वदेश लौटने में काफी दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा अफगानिस्तान मुद्दे पर बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में केंद्र सरकार ने विपक्ष को कोई जानकारी नहीं दी। खुर्शीद ने कहा तालिबान बदल गया है, इस पर उन्हें भरोसा नहीं है।
इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, घोषणापत्र समिति की सदस्य सुप्रिया श्रीनेत्र, अमिताभ दुबे, सुधांशु त्रिपाठी, अरविंद वशिष्ठ, राहुल राय, राहुल रिछारिया, सुरेंद्र सक्सेना, राजेन्द्र शर्मा, जितेंद्र भदौरिया, शिवनारायण सिंह परिहार, जिलाध्यक्ष भगवानदास कोरी, इदरीस खान सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद रहे।
इसके पूर्व उन्होंने रेलवे स्टेशन में कुलियों, सफाई कर्मचारियों व टैक्सी संगठन और एनसीआरईएस के नेताओं से वार्ता कर उनकी समस्याओं को सुना। मंडल मंत्री भानुप्रताप सिंह चंदेल ने शाल और श्रीफल भेंटकर उनका स्वागत किया। इस दौरान एन सी आर ई एस के पदाधिकारियों इंद्र विजय सिंह, मोहम्मद उमर खान, अश्विनी गोस्वामी, रविन्द्र मोहन श्रीवास्तव, सलमान खान, दीपक सेन, मोहित बुधौलिया, राजेश कुमार (छोटू) इत्यादि उपस्थित रहे | इसके बाद कचहरी परिसर स्थित गांधी उद्यान पहुंच कर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किसानों की समस्याओं को सुना। सर्किट हाउस पहुंचकर विभिन्न संगठनों के डेलिगेशन से मिलकर अलग-अलग मुद्दों पर बात कर उनकी समस्याओं को सुना।













