झांसी। जनपद के बरूआसागर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरुआसागर स्वर्गाश्रम झरना में पिकनिक मनाने गए दो युवक नहाते समय डूब गए। यह देख कर वहां मौज मस्ती कर रहे लोग दहशत में आ गए और वहां हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद के बाद एक युवक के शवों को बाहर निकाल लिया गया। जबकि दूसरे युवक के शव को बुधवार को बाहर निकाला जा सका।
बताया गया है कि मंगलवार को झांसी के बड़ाबाजार निवासी आधा दर्जन युवक बरूआसागर स्वर्गाश्रम झरना में पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी तालाब में नहा रहे थे। इसी बीच शिवम गुप्ता (20) पुत्र रवींद्र कुरेले एवं पीयूष वैद्य (21) पुत्र कृष्ण कुमार नहाते समय गहरे पानी में पहुंच कर डूबने लगे। उनको डूबता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इस दौरान दोनों के दोस्त भी भयभीत होकर बाहर निकलकर भाग गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से काफी खोजबीन के बाद पहले पीयूष का शव तालाब से निकाल लिया गया जबकि बुधवार को शिवम का शव तालाब से निकला। इस घटना से दोनों के घरों में कोहराम मच गया है।